पंजाब चुनाव-2027: अमृतसर में EVM और VVPAT की जांच शुरू
Punjab News Live -PNL
November 14, 2026
अमृतसर, ताजा खबर, पंजाब
अमृतसर , (PNL) : विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के तहत जिला अमृतसर में ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच (FLC) शुरू हो गई है। 12 नवंबर से जारी इस प्रक्रिया में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) के विशेषज्ञ इंजीनियर मशीनों की तकनीकी कार्यक्षमता और विश्वसनीयता की जांच कर रहे हैं। जिला प्रशासन ने पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी जांच प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर दिया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला चुनाव अधिकारी-कम-डिप्टी कमिश्नर अमृतसर श्री दलविंदरजीत सिंह ने बताया कि यह जांच भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) के अधिकृत एवं अनुभवी इंजीनियरों द्वारा चुनाव विभाग के अधिकारियों की निगरानी में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों और मानकों के अनुसार की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिला अमृतसर में EVMs और VVPATs की प्रथम स्तरीय जांच के लिए FLC हॉल, EVM वेयरहाउस, दबुर्जी, जी.टी. रोड, अल्फा इंटरनेशनल सिटी के निकट विशेष प्रबंध किए गए हैं। यह प्रक्रिया प्रतिदिन सुबह 9:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक जारी रहती है।
उन्होंने कहा कि FLC के दौरान EVMs और VVPATs की कार्यक्षमता, तकनीकी स्थिति और विश्वसनीयता की बारीकी से जांच की जा रही है। इसके साथ ही मशीनों की स्कैनिंग तथा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार अन्य आवश्यक तकनीकी प्रक्रियाएं भी पूरी की जा रही हैं, ताकि आगामी विधानसभा चुनावों के दौरान इनका सुचारू एवं निर्बाध उपयोग सुनिश्चित किया जा सके। जिला चुनाव अधिकारी ने बताया कि इस पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और राजनीतिक दलों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। इसके तहत जिले के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को FLC के दौरान उपस्थित रहने और अपनी मौजूदगी में मशीनों की जांच की पूरी प्रक्रिया देखने का अवसर दिया जा रहा है।
उन्होंने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अपील की कि वे FLC के दौरान अपने अधिकृत प्रतिनिधियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें, ताकि वे इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया के प्रत्येक चरण के साक्षी बन सकें। उन्होंने कहा कि EVMs और VVPATs की प्रथम स्तरीय जांच की पूरी प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी नियमों और दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करते हुए सुरक्षा, पारदर्शिता और निरंतर निगरानी के तहत संपन्न की जा रही है।
इस प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य चुनाव प्रणाली में आम जनता के विश्वास को और मजबूत करना तथा पंजाब विधानसभा चुनाव-2027 के लिए सुचारू, निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय चुनाव व्यवस्था सुनिश्चित करना है।