गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया और भूप्पी राणा बरी : मोहाली कोर्ट बोला- दोनों का बाकी आरोपियों से लिंक साबित नहीं, 3 को सजा
Punjab News Live -PNL
October 5, 2026
चंडीगढ़, ताजा खबर, पंजाब
मोहाली , (PNL) : पंजाब की मोहाली अदालत ने नाजायज हथियार बरामदगी से जुड़े तीन साल पुराने मामले में गैंगस्टर जगदीप सिंह उर्फ जग्गू भगवानपुरिया और भूपिंदर सिंह उर्फ भूप्पी राणा को शनिवार को सबूतों के अभाव में बरी कर दिया है। पुलिस दोनों गैंगस्टरों का बाकी आरोपियों के साथ संबंध या लिंक साबित करने में नाकाम रही।सौरव कुमार उर्फ अज्जू, कुषार आशीष रामस्वरूप और शिवराज सैनी को आर्म्स एक्ट के तहत दोषी करार दिया गया है। तीनों को 3-3 साल की कैद और 10-10 हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई गई है। जुर्माना न भरने पर 2-2 महीने की अतिरिक्त कैद काटनी होगी।कोर्ट ने तीनों दोषियों को धोखाधड़ी से जुड़ी IPC की धारा 406, 420 और 120-बी के आरोपों से भी बरी कर दिया। अदालत के मुताबिक, पुलिस इनके खिलाफ पर्याप्त सबूत पेश नहीं कर सकी। मामले के चौथे आरोपी रणजीत सिंह उर्फ काका की ट्रायल के दौरान मौत हो चुकी है।
18 अक्टूबर 2023 को हथियारों के साथ पकड़े गए थे पुलिस के मुताबिक, 18 अक्टूबर 2023 को ASI गुरदीप सिंह की टीम बलौंगी के टी-पॉइंट के पास जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ आरोपी अलीगढ़ से हथियार और गोला-बारूद खरीदकर पंजाब के अलग-अलग जिलों में गैंगस्टरों को सप्लाई करते हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने गंदे पानी के नाले के पुल के पास घेराबंदी की और आरोपियों को हथियारों व गोला-बारूद समेत गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर 2023 को शिवराज सैनी के खुलासे के आधार पर कुषार आशीष को मामले में नामजद कर गिरफ्तार किया गया। उसके पास से भी हथियार बरामद हुए। पूछताछ में पुलिस को पता चला कि कुषार लोगों को निजी कर्ज दिलाने का भरोसा देकर धोखाधड़ी करता था।
पूछताछ में विदेश में बैठे लोगों से धोखाधड़ी की बात आई 22 अक्टूबर को पूछताछ के दौरान आरोपी ने अमेरिका और कनाडा में रहने वाले लोगों से धोखाधड़ी की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने उसके फ्लैट से लैपटॉप बरामद किया। जांच के दौरान शिवराज सैनी के खुलासे के आधार पर गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया को मामले में नामजद किया गया। इसके बाद 1 दिसंबर को जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर गैंगस्टर भूप्पी राणा को भी नामजद कर गिरफ्तार किया गया।