शराब तस्करी मामले में पुलिस की कहानी पड़ी कमजोर:मोहाली कोर्ट से 5 साल पुराने केस में आरोपी बरी, ड्राइवर-कार की पहचान नहीं
Punjab News Live -PNL
October 16, 2026
चंडीगढ़, ताजा खबर, पंजाब
मोहाली , (PNL) : मोहाली कोर्ट ने 5 साल पुराने शराब तस्करी और लापरवाही से गाड़ी चलाने के मामले में गुरुवार को आरोपी को बरी कर दिया। कोर्ट में पुलिस का पक्ष कमजोर पड़ गया। पुलिस यह साबित नहीं कर सकी कि शराब से भरी कार आरोपी चला रहा था या शराब पर उसका कोई नियंत्रण था। पुलिस ने कार से शराब बरामद की थी, लेकिन आरोपी का कार और शराब से सीधा संबंध साबित नहीं कर पाई। सुनवाई के दौरान पुलिस और आबकारी विभाग के अधिकारियों ने माना कि शराब किसी व्यक्ति के सीधे कब्जे से नहीं, बल्कि लावारिस कार से बरामद हुई थी।गवाहों ने कार ड्राइवर को भागते हुए देखने की बात कही, लेकिन अदालत में उसकी पहचान नहीं कर सके। इससे आरोपी को कार चलाने से जोड़ने वाला अहम साक्ष्य सामने नहीं आया।
कार भी आरोपी के नाम पर नहीं थी
अदालत में पेश एसडीएम कार्यालय के रिकॉर्ड के अनुसार कार कुलदीप सिंह के बजाय कुलदीप राज निवासी खरड़ के नाम पर पंजीकृत थी। इसके अलावा पुलिस ने घटनास्थल की कोई फोटो या वीडियो नहीं बनाई थी और जांच में किसी स्वतंत्र गवाह को भी शामिल नहीं किया गया था।
अभियोजन पक्ष आरोप साबित करने में विफल
अदालत ने कहा कि उपलब्ध साक्ष्यों से केवल कार से शराब बरामद होने की बात साबित होती है। यह साबित नहीं हुआ कि आरोपी कुलदीप सिंह उस कार को चला रहा था या शराब पर उसका नियंत्रण था। ड्राइवर की पहचान और आरोपी की संलिप्तता साबित नहीं होने के कारण अदालत ने भारतीय दंड संहिता की धारा 279 और आबकारी अधिनियम की धारा 61 के तहत लगे आरोपों में उसे संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया।
2 पॉइंट में जानिए क्या था मामला…
-
ड्राइवर कार को तेज रफ्तार और लापरवाही से भगाकर ले गया: मामला 14 अक्टूबर 2021 का है। पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने फेज-1 स्थित ढोलवाला चौक, मोटर मार्केट के पास नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान चंडीगढ़ की तरफ से आ रही मारुति एस-प्रेसो कार (PB-27-G-1977) को रुकने का इशारा किया गया। ड्राइवर कार को तेज रफ्तार और लापरवाही से भगाकर ले गया।
-
चंडीगढ़ में बिक्री के लिए रखी शराब की 5 पेटियां बरामद हुईं: पुलिस ने पीछा किया तो कार प्रताप डेयरी, गांव मोहाली के पास लावारिस हालत में खड़ी मिली। ड्राइवर और उसका साथी कार छोड़कर फरार हो चुके थे। तलाशी के दौरान कार से चंडीगढ़ में बिक्री के लिए रखी शराब की 5 पेटियां बरामद हुईं। इनमें डिस्काउंट प्रीमियम, किंग्स गोल्ड और सुपर जुबली व्हिस्की शामिल थीं।