नूरमहल में तस्करों का मीडिया कर्मी पर हमला, टांग तोड़ी:हाथ-सिर पर लगी चोटें; स्कूटी तोड़ी-मोबाइल जलाया, FIR दर्ज
Punjab News Live -PNL
November 2, 2026
जालंधर, ताजा खबर, पंजाब
जालंधर , (PNL) : जालंधर के नूरमहल में नशा तस्करों ने मीडिया कर्मी पर जानलेवा हमला कर दिया। तस्करों ने लोहे की पाइप से वार कर टांग तोड़ दी और बाजू सहित शरीर पर कई जगह वार कर जख्मी कर दिया।
पीड़ित की पहचान नरिंदर कुमार (52) निवासी गांव भंडाल, थाना नूरमहल के तौर पर हुई है। पुलिस ने पीड़ित के बयानों के आधार पर FIR दर्ज कर ली है। हालांकि घटना के 10 दिन बाद भी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।
पीड़ित ने बताया कि 23 अक्टूबर की सुबह वह करीब 10 बजे स्कूटी से अपने दफ्तर नूरमहल जा रहा था, तभी भंडाल हिम्मत में सीमेंट की दुकान के पास सुखविंदर कुमार उर्फ सीसू, हरविंदर कुमार उर्फ काका और परमजीत ने उसे रोक लिया।
पहले बहस की और फिर सुखविंदर कुमार ने पाइप से टांग पर वार कर दिया। जब उन्होंने बचाव के लिए अपना हाथ आगे किया, तो हमलावर हरविंदर कुमार ने बेसबॉल बैट से वार किया, जो उनके हाथ की उंगलियों पर लगा। इसके बाद तीसरे हमलावर सुखविंदर कुमार ने बेसबॉल बैट से उनके सिर पर वार करने की कोशिश की।
पीड़ित ने बताया कि शोर मचाने पर लोगों ने उनको छुड़वाया। उनकी भरजाई सुखविंदर कौर और पत्नी मनजीत कुमारी भी मौके पर पहुंच गईं। उन्हें देखकर आरोपी जान से मारने की धमकियां देते हुए फरार हो गए। जाते-जाते आरोपियों ने स्कूटी भी तोड़ दी और मोबाइल जला दिया।
पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अस्पताल से मिली छुट्टी, शरीर पर 3 चोटें घटना के बाद घायल 10 दिन तक सिविल अस्पताल में दाखिल रहा। पहले नूरमहल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उन्हें सिविल अस्पताल जालंधर रेफर कर दिया। मेडिकल रिपोर्ट (MLR) के अनुसार पीड़ित के शरीर पर 3 गंभीर चोटें आई हैं और एक्स-रे की रिपोर्ट पेंडिंग है।
पुलिस ASI सुभाष चंद्र ने कहा कि पीड़ित के बयान दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 115(2), 126(2), 351(2), 324(4), 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।