Saturday , April 11 2026
Breaking News

जालंधर में गैस की किल्लत की अफवाह से उमड़ी भीड़:एजेंसियों पर बंद करने पड़े गेट

जालंधर , (PNL) : जालंधर में गैस की किल्लत होने की अफवाहों ने लोगों में डर पैदा कर दिया है, जिसके चलते जालंधर की गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग गई हैं। हालांकि, गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि स्टॉक की कोई कमी नहीं है, लेकिन भारी भीड़ और पैनिक फैलने के कारण दिक्कत हो रही है। बुकिंग के लिए अचानक भारी भीड़ उमड़ने से व्यवस्था बनाना मुश्किल हो रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर कई एजेंसियों को अपने गेट बंद करने पड़े हैं। जालंधर में एलपीजी (LPG) गैस को लेकर अफरा-तफरी का माहौल है। रेस्टोरेंट, ढाबा मालिकों से लेकर घरेलू उपभोक्ता भी इस बात को लेकर चिंतित हैं कि आने वाले समय में गैस की सप्लाई रुक सकती है। इसी डर के कारण लोग भारी संख्या में सिलेंडर भरवाने के लिए एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं। शहर के सैदा गेट स्थित एक प्रमुख गैस एजेंसी पर स्थिति काफी तनावपूर्ण देखी गई। यहां सुबह से ही लोगों की लंबी लाइनें लगी हुई थीं। भीड़ को बेकाबू होते देख एजेंसी के कर्मचारियों ने मुख्य गेट बंद कर दिया। एजेंसी की मैनेजर रमनप्रीत ने बताया कि लोग पैनिक हो रहे हैं और कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की कर रहे हैं।

मैनेजर रमनप्रीत ने स्पष्ट किया कि एलपीजी गैस की कोई किल्लत नहीं है। उन्होंने कहा की सप्लाई सुचारू रूप से चल रही है, लेकिन लोग डर के मारे एक साथ एजेंसी पर धावा बोल रहे हैं। हमने सुरक्षा के लिए गेट बंद किया है और एक-एक करके उपभोक्ताओं को अंदर भेज रहे हैं ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। सौ-सौ की भीड़ को एक साथ संभालना मुमकिन नहीं है। इसके अलावा मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं ने एजेंसी के दावों पर सवाल उठाए। विक्की नारंग नामक उपभोक्ता ने बताया कि उन्होंने 22 तारीख को बुकिंग की थी, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी सिलेंडर घर नहीं पहुंचा। मजबूरी में उन्हें खुद एजेंसी आकर लाइन में लगना पड़ा। विजय कुमार और शरणप्रीत कौर जैसे कई अन्य उपभोक्ताओं ने भी यही कहा कि घर पर डिलीवरी नहीं मिल रही है। शरणप्रीत कौर ने हालांकि लोगों से अपील भी की कि वे पैनिक न हों, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि समय पर सिलेंडर न मिलना लोगों की चिंता का मुख्य कारण है। प्रशासन और एजेंसी मालिकों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का असर सप्लाई चेन पर फिलहाल नहीं पड़ा है। लोगों को सलाह दी जा रही है कि वे केवल जरूरत होने पर ही बुकिंग कराएं और अफवाहों पर ध्यान न दें।

About Punjab News Live -PNL

Check Also

पंजाब सरकार के फसल अवशेष प्रबंधन प्रयासों को मिली बड़ी सफलता: पराली जलाने की घटनाओं में 94 प्रतिशत कमी पर मिला राष्ट्रीय स्तर का पुरस्कार

चंडीगढ़, (PNL) : पंजाब के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री स गुरमीत सिंह खुड्डियां ने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!