जालंधर में किसान से सनसनीखेज लूट:नकाबपोश बदमाशों ने दातर दिखाकर छीनी इलेक्ट्रिक स्कूटी व मोबाइल, एक बदमाश का चेहरा दिखा
Punjab News Live -PNL
October 17, 2026
जालंधर, ताजा खबर, पंजाब
जालंधर , (PNL) : जालंधर देहात के गोराया इलाके में देर रात बेखौफ बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। जंड रोड स्थित पुली के पास तीन नकाबपोश लुटेरों ने एक किसान को घेरकर लूट लिया। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित किसान जसवीर सिंह निवासी गोराया रात करीब 8:15 बजे अपने काम से घर लौट रहा था। रास्ते में पहले से घात लगाकर बैठे तीन युवकों ने उसे रोक लिया। लुटेरों के हाथों में तेजधार दातर और डंडे थे। बदमाशों ने हथियारों के बल पर किसान को डराना शुरू कर दिया। जसवीर सिंह ने जब विरोध किया, तो लुटेरों ने हाथापाई की। आरोपी उसकी इलेक्ट्रिक स्कूटी, मोबाइल फोन और जरूरी दस्तावेज छीनकर फरार हो गए।
एक आरोपी को पहचान सकता है
पीड़ित ने रात करीब 10:30 बजे थाने पहुंचकरशिकायत दर्ज कराई। जसवीर ने बताया कि हाथापाई के दौरान एक आरोपी का चेहरा दिख गया था, जिसे वह पहचान सकता है। बाकी दो लुटेरों के मुंह कपड़े से ढके थे। किसान ने पुलिस को बताया कि छीनी गई स्कूटी पूरी तरह चार्ज नहीं थी। लुटेरे उसे केवल 5 से 6 किलोमीटर तक ही ले जा सकते हैं। पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।