मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार का उद्देश्य पंजाब के युवाओं को नशे से दूर रखकर खेलों के प्रति आकर्षित करना है। युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक मैदान और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

10 एकड़ में विकसित होगा आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स

धूरी में 10 एकड़ भूमि पर बनने वाला यह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स कई खेलों की आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। यहां बैडमिंटन, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, कुश्ती, जूडो, जिम्नास्टिक, हैंडबॉल, नेटबॉल और स्क्वैश जैसे खेलों के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी।

परियोजना के तहत 9 करोड़ रुपये की लागत से बहुउद्देश्यीय इनडोर स्पोर्ट्स हॉल तैयार किया जा रहा है। इसका लगभग 30 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इसे 31 मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इसके अलावा 5 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक स्विमिंग पूल और पवेलियन बनाया जा रहा है, जिसके 30 जून 2027 तक तैयार होने की उम्मीद है।

बास्केटबॉल से लेकर टेनिस तक मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग खेलों के मैदान भी विकसित किए जाएंगे। इसके लिए 5.20 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

इस राशि से दो बास्केटबॉल कोर्ट, दो वॉलीबॉल मैदान, दो बैडमिंटन कोर्ट, स्केटिंग रिंग, लॉन टेनिस और खो-खो कोर्ट तैयार होंगे। इन सभी सुविधाओं को जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे धूरी और आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

एथलेटिक्स और हॉकी को मिलेगा विशेष प्रोत्साहन

मुख्यमंत्री ने देश भगत कॉलेज, बरड़वाल में 12 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे 400 मीटर सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक का भी उल्लेख किया। इस परियोजना का करीब 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और इसे 31 दिसंबर 2026 तक खिलाड़ियों के लिए खोलने की योजना है।

भगवंत मान ने कहा कि हॉकी पंजाब की पहचान और गौरवशाली खेल विरासत का हिस्सा है। भारतीय पुरुष हॉकी टीम में 11 खिलाड़ियों में से 9 का पंजाब से होना राज्य की खेल प्रतिभा को दर्शाता है। उन्होंने संगरूर और बरनाला जैसे क्षेत्रों में हॉकी की पुरानी परंपरा को आगे बढ़ाने और खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं देने की प्रतिबद्धता जताई।

ओलंपिक पदक विजेताओं को मिलेंगे करोड़ों रुपये

पंजाब सरकार ने खेलों को बढ़ावा देने के लिए वित्तीय सहायता और पुरस्कार राशि पर भी विशेष ध्यान दिया है। सरकार के अनुसार, राज्य के इतिहास में पहली बार खेल क्षेत्र के लिए 1,744 करोड़ रुपये का विशेष बजट निर्धारित किया गया है।

पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को इतनी मिलेगी पुरस्कार राशि

ओलंपिक और पैरालंपिक में स्वर्ण पदक पर 3 करोड़ रुपये।
रजत पदक पर 2 करोड़ रुपये।
कांस्य पदक पर 1 करोड़ रुपये।

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2022 से अब तक 40,415 खिलाड़ियों को 135 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार दिए जा चुके हैं।

नई खेल नीति के तहत ओलंपिक की तैयारी करने वाले खिलाड़ियों को 15 लाख रुपये और एशियाई एवं राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारी के लिए 8 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जा रही है। अब तक इस मद में 15 करोड़ रुपये उपलब्ध करवाए गए हैं।

खिलाड़ियों को पुरस्कार के साथ सरकारी नौकरियों का भी लाभ

पंजाब सरकार ने खिलाड़ियों को सम्मानित करने के साथ रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी कदम उठाए हैं।

पंजाब सरकार के अनुसार, पेरिस ओलंपिक में हिस्सा लेने वाले पंजाब के 20 खिलाड़ियों को कुल 9.80 करोड़ रुपये के पुरस्कार दिए गए। वहीं, भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कांस्य पदक विजेता पंजाब से जुड़े आठ खिलाड़ियों को एक-एक करोड़ रुपये की राशि प्रदान की गई। इसके अलावा 11 खिलाड़ियों को पीसीएस और डीएसपी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियां दी गईं।

एशियाई खेल 2023 में पदक जीतने वाले 33 खिलाड़ियों को 30 करोड़ रुपये दिए गए, जबकि 85 खिलाड़ियों को महाराजा रणजीत सिंह पुरस्कार से सम्मानित किया गया। खेलों में प्रतिभाओं को निखारने के लिए दो कोच और 42 जूनियर कोच की भर्ती भी की गई।

गांवों में बनेंगे 3,148 खेल मैदान और 6,000 जिम

पंजाब सरकार की योजना केवल शहरों तक खेल सुविधाएं सीमित रखने की नहीं है, बल्कि गांवों में भी खिलाड़ियों को बेहतर बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।

इसके तहत राज्य में 3,148 ग्रामीण खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं। इनमें से 750 खेल मैदानों का उद्घाटन किया जा चुका है। इसके साथ ही पूरे पंजाब में 6,000 जिम स्थापित करने की योजना है। पहले चरण में 500 जिम जनता को समर्पित किए जा चुके हैं।

खेल सामग्री खरीदने के लिए 9,501 खिलाड़ियों के बैंक खातों में सीधे 12.50 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए हैं। सरकार अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को भी पंजाब में बढ़ावा देना चाहती है। इसी कड़ी में पुरुष हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के आयोजन का भी उल्लेख किया गया।