भारत-पाकिस्तान का होगा एक और मुकाबला? Women’s T20 Asia Cup में ऐसे बन रहा समीकरण
Punjab News Live -PNL
September 7, 2026
ताजा खबर, स्पोर्ट्स
स्पोर्ट्स , (PNL) : Women’s T20 Asia Cup 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच एक और मुकाबला होता दिख सकता है. दोनों देशों की महिला टीम एक बार फिर से आमने-सामने हो सकती है. भारत और पाकिस्तान पहली बार महिला T20 एशिया कप 2026 में 5 सितंबर को टकराई थीं. उस मुकाबले में भारत की महिला क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान को ना सिर्फ T20I में उसके सबसे कम स्कोर पर ढेर किया था. बल्कि 8 विकेट से हराया भी था. अब सवाल है कि अगली टक्कर महिला T20 एशिया कप में दोनों की कब हो सकती है? आइए जानते हैं इसका समीकरण.

महिला T20 एशिया कप में पाकिस्तान का अगला मैच हॉन्ग कॉन्ग से है. भारत से हार का कड़वा घूंट पीने वाली पाकिस्तानी टीम अगर इस मैच को जीतती है तो उसी के साथ वो महिला T20 एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी. भारतीय टीम ग्रुप स्टेज के अपने तीनों मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में हैं. अब सवाल है क्या भारत और पाकिस्तान सेमीफाइनल में भिड़ेंगे? जी नहीं, उसके लिए इन दोनों टीमों के फाइनल में पहुंचने का इंतजार करना होगा. हॉन्ग कॉन्ग को हराकर पाकिस्तान सेमीफाइनल में पहुंचती है तो वहां उसका मुकाबला श्रीलंका की टीम से होगा. वहीं भारतीय महिला टीम का सामना सेमीफाइनल में 8 सितंबर को बांग्लादेश और UAE की टीमों के बीच होने वाले मुकाबले की विजेता टीम से होगा.

सेमीफाइनल नहीं, फाइनल में हो सकती है भारत-पाक की टक्कर
टीम इंडिया 10 सितंबर को महिला T20 एशिया कप का पहला सेमीफाइनल खेलेगी. जबकि पाकिस्तान की टीम ने अगर हॉन्ग कॉन्ग को हराया तो वो 11 सितंबर को दूसरे सेमीफाइनल में उतरेगी. भारत-पाकिस्तान ने अगर अपने-अपने सेमीफाइनल जीते तो फिर 13 सितंबर को दुबई के इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पर इनके बीच महिला T20 एशिया कप का फाइनल खेला जा सकता है.