एक और पेपर लीक! ओडिशा में परीक्षा शुरू होते ही वॉट्सऐप पर आ गई पीजी एग्जाम की फोटो
Punjab News Live -PNL
July 31, 2026
ताजा खबर, देश विदेश
न्यूज डेस्क, (PNL) : NEET पेपर लीक के बाद शुरू हुआ घमासान अभी ठीक से शांत नहीं हुआ है. इस बीच ओडिशा से मेडिकल पोस्ट ग्रेजुएशन पेपर लीक का मामला सामने आया है. मामला ओडिशा यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज (OUHS) की तरफ से आयोजित पोस्टग्रेजुएट मेडिकल एग्जाम से जुड़ा हुआ है, जिसमें 27 जुलाई को आयोजित हुए एग्जाम का पेपर परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया पर शेयर किया गया था. जांच में सामने आया है कि MKCG मेडिकल कॉलेज और अस्पताल, बेरहामपुर से पेपर लीक हुआ है. इस मामले की जांच जारी है. आइए, विस्तार से पूरा मामला समझते हैं. जानते हैं कि पेपर लीक का मामला कहां से खुला. जांच में अभी तक क्या सामने आया है. विस्तार से पूरा मामला समझते हैं.
ये पूरा मामला ओडिशा यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज (OUHS) द्वारा आयोजित पोस्टग्रेजुएट मेडिकल परीक्षा से जुड़ा हुआ है. 27 जुलाई को 2023-26 बैच की MD/MS जनरल सर्जरी परीक्षा आयोजित की गई थी. परीक्षा शुरू होने के कुछ देर बाद ही पेपर की तस्वीरें WhatsApp पर शेयर हुई.
ओडिशा यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज (OUHS) की पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल परीक्षा पेपर लीक का मामला भुवनेश्वर के एक प्राइवेट मेडिकल कॉलेज में पेपर की तस्वीरें मिलने के बाद यह मामला सामने आया. स्टूडेंट्स का आरोप है कि पेपर की तस्वीरें एक WhatsApp ग्रुप में शेयर की गई थीं, जिसे कथित तौर पर MKCG मेडिकल कॉलेज के एक मेडिकल छात्र ने बनाया था. उन्होंने यह भी दावा किया कि परीक्षा चलने के दौरान कुछ फोन नंबरों के जरिए कुछ सवालों के जवाब भी शेयर किए गए थे.
वहींशुरुआती जांच से पता चला है कि परीक्षा हॉल में स्टूडेंट्स को पेपर बांटे जाने के कुछ ही मिनटों बाद MKCG मेडिकल कॉलेज और अस्पताल, बेरहामपुर से पेपर की तस्वीरें कथित तौर पर भेजी गई थीं.
पेपर लीक का मामला सामने आने के बाद यूनिवर्सिटी ने जांच के आदेश जारी कर दिए हैं. इसके साथ ही जांच शुरू हो गई है, जिसमें ये पता लगाय जा रहा है कि लीक पेपर की तस्वीरें कैसे शेयर की गईं और क्या परीक्षा के दौरान किसी स्टूडेंट को अनुचित लाभ मिला.
वहींMKCG मेडिकल कॉलेज के डीन-सह-प्रिंसिपल डॉ. हरेकृष्ण दलाई ने बताया कि यह घटना 27 जुलाई को PG MD/MS परीक्षा के दौरान हुई और पेपर कथित तौर पर MKCG मेडिकल कॉलेज से ही कहीं और शेयर किया गया था.
डॉ. दलाई ने कहा कि 28 जुलाई को OUHS के वाइस-चांसलर द्वारा बुलाई गई बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा की गई थी. यह बैठक तब हुई जब एक मेडिकल कॉलेज ने यूनिवर्सिटी को बताया कि उसके एक छात्र ने कथित तौर पर स्वीकार किया है कि शेयर किया गया पेपर MKCG से आया था.
बैठक के बाद, यूनिवर्सिटी ने यह सुनिश्चित करने के लिए एहतियाती उपाय किए कि बाकी परीक्षाओं के दौरान ऐसी घटनाएं न हों. अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा के नए उपाय पहले ही लागू कर दिए गए हैं और परीक्षा के बाकी शेड्यूल के दौरान भी ये जारी रहेंगे. हालांकि अभी पेपर रद्द करने को लेकर फैसला नहीं लिया गया है.