26 मिनट तक हवा में अटकी टीम इंडिया के खिलाड़ियों की सांसे, वेलिंगटन में फ्लाइट की लैंडिंग का दिल दहलाने वाला मंजर
Punjab News Live -PNL
November 12, 2026
ताजा खबर, स्पोर्ट्स
स्पोर्ट्स , (PNL) : न्यूजीलैंड में तीसरे वनडे के बाद टीम इंडिया दो धड़ों में बंट गई. एक वो जो जिसने टेस्ट सीरीज की तैयारियों के लिए वेलिंगटन कूच किया और दूसरी वो जिसने वनडे सीरीज के आखिरी दो मुकाबले खेलने के लिए माउंट माऊंगनुई का रूख किया. अब जो टीम आखिरी 2 वनडे खेलने माउंट माऊंगनुई पहुंची, उनका सफर तो शानदार रहा. उनका वहां के पारंपरिक हका डांस के साथ स्वागत भी किया गया. मगर टेस्ट टीम को जिसमें शुभमन गिल, केएल राहुल, अंशुल कंबोज समेत 8-10 सदस्य मौजूद थे, उन्हें वेलिंगटन में कदम रखने से पहले एक डरावना अनुभव करना पड़ा.
Revsportz के मुताबिक, भारतीय टेस्ट टीम के सदस्य एयर न्यूजीलैंड की फ्लाइट NZ5817 से हैमिल्टन से वेलिंगटन के लिए रवाना हुए थे. इस फ्लाइट में टेस्ट टीम के खिलाड़ियों के अलावा बॉलिंग कोच मॉर्ने मॉर्केल समेत सपोर्ट स्टाफ के मेंबर भी शामिल थे. फ्लाइट हैमिल्टन से सुबह 11:43 बजे स्थानीय समय पर रवाना हुई थी. शुरुआत में सब कुछ सामान्य था. लेकिन वेलिंगटन एयरपोर्ट के पास पहुंचते ही प्लेन को तेज क्रॉसविंड और टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा. नतीजा ये हुआ कि विमान के लैडिंग की कोशिश नाकाम हो गई.
वेलिंगटन का एयरपोर्ट पहाड़ियों से घिरा होने की वजह से दुनिया के सबसे मुश्किल एयरपोर्ट्स में से एक गिना जाता है. लगभग दोपहर 12:45 बजे जब विमान रनवे के करीब कुछ सौ फीट ऊपर पहुंचा, तो पायलटों को हवा के जोरदार झटकों और टर्बुलेंस के चलते लैंडिंग रद्द करने पर मजबूर होना पड़ा. उसके बाद उन्होंने गो-अराउंड यानी लैंडिंग की कोशिश रद्द करके दोबारा उड़ान भरने का फैसला किया.
26 मिनट की देरी से दूसरी कोशिश में लैंड हुआ प्लेन
अब विमान फिर से 5,000 फीट से ज्यादा की ऊंचाई पर उड़ान भरने लगा. पायलटों ने हवा के शांत पड़ने के बाद टीम इंडिया के विमान को लैंड कराने की दूसरी कोशिश की, जिसमें वो कामयाब रहे. भारतीय टेस्ट खिलाड़ियों को लेकर उड़ान भर रहे प्लेन को आखिरकार दोपहर 1:06 बजे सुरक्षित उतारा गया, जो निर्धारित समय से करीब 26 मिनट देरी से था.
प्लेन की सफल लैंडिंग के बाद राहत की सांस
भारतीय खिलाड़ियों की सांसें हवा में अटकी जरूर रहीं मगर गनीमत ये रही कि टर्बुलेंस के चलते हुई इस घटना में किसी को भी चोट या खरोंच नहीं आई. सफल और सुरक्षित लैंडिंग के बाद टीम इंडिया के खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ ने राहत की सांस ली. भारत और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट सीरीज 19 नवंबर से होनी है. पहला टेस्ट वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व पर खेला जाना है.