पंजाब में AAP को एक और झटका! जौड़ामाजरा और पठानमाजरा के बाद अब इस MLA ने दिया इस्तीफा
Punjab News Live -PNL
November 2, 2026
अमृतसर, ताजा खबर, पंजाब, होम
अमृतसर, (PNL) : पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी को एक और बड़ा झटका लगा है। अमृतसर नॉर्थ से विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह ने आज पंजाब विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा विधानसभा स्पीकर को भेज दिया है।
कुंवर विजय प्रताप सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए भी अपने फैसले की जानकारी साझा की। उन्होंने अमृतसर के लोगों का आभार जताते हुए कहा कि जनता ने उन्हें जो प्यार और सम्मान दिया है, उसके लिए वह हमेशा ऋणी रहेंगे।

बता दें कि कुंवर विजय प्रताप सिंह लंबे समय से आम आदमी पार्टी की लीडरशिप से नाराज चल रहे थे। पार्टी के साथ उनके मतभेद लगातार सामने आते रहे हैं। जून 2025 में उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में पांच साल के लिए निलंबित भी कर दिया गया था।

अपने इस्तीफे के साथ कुंवर विजय प्रताप सिंह ने पंजाब की राजनीति, कानून व्यवस्था, नशे, गैंगस्टरवाद और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि उनका एकमात्र उद्देश्य पंजाब को फिर से प्रगतिशील और अग्रणी राज्य बनाना है।
गौरतलब है कि इससे पहले समाना से विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा और सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा भी आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे चुके हैं।
लगातार तीन विधायकों से जुड़े इन इस्तीफों ने पंजाब की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है। अब देखना होगा कि विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी इस घटनाक्रम से कैसे निपटती है और इन नेताओं का अगला राजनीतिक कदम क्या होगा।