लुधियाना , (PNL) : लुधियाना के जमालपुर में चंडीगढ़ रोड पर धरना-प्रदर्शन के दौरान करंट लगने से युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान जश्नदीप सिंह (22) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह धरने के दौरान एक बोर्ड या बैनर उतारने के लिए लोहे की रॉड का इस्तेमाल कर रहा था। इसी दौरान रॉड ऊपर से गुजर रही 11,000 वोल्ट की हाईटेंशन बिजली की तार से टकरा गई और उसे जोरदार करंट लग गया। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है। परिजनों ने घटना को लेकर प्रशासन और सरकार पर सवाल उठाए हैं।
मृतक जश्नदीप सिंह। -फाइल फोटो
4 पॉइंट्स में पढ़ें क्या बोले भाई…
परविंदर झोटा की हत्या के विरोध में धरने में पहुंचा था: जश्नदीप के चचेरे भाई सतनाम सिंह ने बताया कि एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर झोटा की हत्या के विरोध में पंजाब बंद के आह्वान के चलते लुधियाना में भी नशे के खिलाफ धरना दिया जा रहा था। जश्नदीप भी इसमें शामिल होने पहुंचा था। वह धरने में खड़ा था कि अचानक उसे करंट लग गया। उसे नजदीकी फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जश्नदीप भगवंत मान का बोर्ड क्यों उतारता?: सतनाम ने कहा कि सड़कों पर बिजली की तारों और व्यवस्था की स्थिति से सभी परिचित हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के बोर्ड को उतारने की बात पर उसने कहा कि लोग बहुत कुछ कहते हैं। जश्नदीप भगवंत मान का बोर्ड क्यों उतारता? वे तो धरने में शामिल होने आए थे। उन्हें क्या पता था कि यहां ऐसा हादसा हो जाएगा।
लोहे की रॉड बिजली की तार से टकराई: वहीं भाई गगनदीप सिंह ने बताया कि नशे के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे युवाओं का साथ देना हर किसी का फर्ज है। जश्नदीप धरने में शामिल होने आया था, इसलिए वे भी वहां पहुंचे थे।
लोहे की रॉड का तार से संपर्क होने पर करंट लगा: गगनदीप के मुताबिक, मौके पर एक लोहे का खंभा था, जिसके पास से 11,000 वोल्ट की बिजली की तार गुजर रही थी। लोहे की रॉड का तार से संपर्क होने पर जश्नदीप को करंट लग गया। वह नीचे गिर पड़ा और उसके मुंह से खून निकलने लगा।
परिवार में माता-पिता, दो बहनें और दो भाई
जश्नदीप के परिवार में माता-पिता, दो बहनें और दो भाई हैं। वह कपड़ों की कटिंग का काम करता था। इसके साथ ही दिहाड़ी-मजदूरी भी करता था। उसकी अभी शादी नहीं हुई थी।
बेटे की मौत के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल।
15 अक्टूबर को पंजाब बंद बुलाया गया बता दें कि, एंटी ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर झोटा की हत्या के विरोध में आज 15 अक्टूबर को पंजाब बंद बुलाया गया है। लुधियाना, पठानकोट, गुरदासपुर, बठिंडा, मानसा और जालंधर में प्राइवेट स्कूल-कॉलेज बंद हैं। सरकारी स्कूलों में छुट्टी नहीं है, लेकिन छात्र नहीं आए हैं। सभी जिलों में बाजार बंद हैं।