अमृतसर में कपड़ा व्यापारी पर फायरिंग:टांग में लगी गोली, दुकान खुली थी, तभी पहुंचे 2 हमलावर; बैग छीनने की कोशिश की
Punjab News Live -PNL
October 15, 2026
अमृतसर, पंजाब
अमृतसर , (PNL) : अमृतसर में बाइक सवार दो युवकों ने कपड़ा व्यापारी पर गोली चला दी। वह व्यापारी का पैसों से भरा बैग छीनने की कोशिश कर रहे थे। गोली व्यापारी की टांग में लगी, जिससे वह गंभीर घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना बुधवार रात करीब पौने 11 बजे की है। गुरुद्वारा बाबा दीप सिंह शहीदां साहिब के पास बाजार में कपड़े की एक दुकान खुली हुई थी, जहां मुख्य रूप से महिलाओं के सूट का कारोबार होता है। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और दुकान के मालिक विशाल भाटिया को निशाना बनाकर गोली चला दी। वारदात की सूचना मिलते ही थाना बी डिवीजन की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनसे मोटरसाइकिल और .32 बोर की पिस्तौल बरामद की गई है।
मामले की जानकारी देते हुए क्या बोले CP…
-
पैसों का बैग छीनने की कोशिश: पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि शिवाला इलाके में कपड़ा व्यापारी विशाल भाटिया पर फायरिंग कर पैसों का बैग छीनने की कोशिश की गई थी। गोली लगने से वह घायल हो गया।
-
5 घंटों में चारों आरोपी पकड़े: मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ ‘ए’ डिवीजन गुरविंदर कौर और उनकी टीम ने महज 5 घंटों के भीतर कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल चारों आरोपियों प्रिंस कुमार उर्फ मॉडल, गुरप्रिंस दीप, राहुल सिंह और दमनप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
-
स्नैचिंग की कई वारदातों को अंजाम दिया: आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और .32 बोर की पिस्तौल बरामद की गई है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इस गिरोह ने इससे पहले भी ‘ए’ डिवीजन और चाटीविंड (अमृतसर देहाती) इलाके के पेट्रोल पंपों तथा मेडिकल स्टोर पर गनपॉइंट पर लूट और स्नैचिंग की कई वारदातों को अंजाम दिया था।
-
यूके से चल रहा फर्जी फिरौती गिरोह बेनकाब: इसके अलावा डीसीपी सिटी जसकरण सिंह तेजा के नेतृत्व में सदर थाना पुलिस ने फिरौती मांगने वाले एक अनोखे नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने यादविंदर नामक युवक को गिरफ्तार किया है, जो एक कारोबारी पुनीत अग्रवाल के यहां काम करता था।
-
व्यापारियों से 50 लाख रुपए तक की फिरौती मांगता था: यादविंदर स्थानीय व्यापारियों के मोबाइल नंबर यूके (UK) में बैठे युवराज नामक व्यक्ति को मुहैया कराता था। युवराज वहां से डोनी बल जैसे गैंगस्टरों के नाम का इस्तेमाल कर व्यापारियों से 50 लाख रुपए तक की फिरौती मांगता था।
-
असली गैंगस्टर नेटवर्क से सीधा संबंध नहीं: पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि इन आरोपियों का किसी असली गैंगस्टर नेटवर्क से सीधा संबंध नहीं है, बल्कि ये लोगों को डराकर पैसे ऐंठने वाले सिरफिरे और शातिर अपराधी हैं। विदेश में बैठे आरोपी युवराज पर शिकंजा कसने के लिए उसका भारतीय पासपोर्ट रद्द कराने और प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
डरें नहीं, आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल करें
पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने शहर के निवासियों और व्यापारी वर्ग से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की धमकी या फिरौती की कॉल आने पर बिल्कुल न डरें और तुरंत पुलिस को सूचित करें। उन्होंने बताया कि लोग आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल करके या नजदीकी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करा सकते हैं। पुलिस ऐसी शिकायतों पर तुरंत और सख्त कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।