पंजाब में पहली बार रविवार को पेश होगा बजट: बजट सत्र का कार्यक्रम जारी, 13 से 15 तक मोहाली में ‘इन्वेस्ट पंजाब’ आयोजित होगा
Punjab News Live -PNL
February 24, 2026
चंडीगढ़, ताजा खबर, पंजाब, होम
चंडीगढ़ , (PNL) : पंजाब विधानसभा के बजट सत्र का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। सत्र की शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण से होगी। पहले दिन कार्यवाही श्रद्धांजलि और राज्यपाल के भाषण से आरंभ होगी। 7 मार्च को अवकाश रहेगा और 8 मार्च (रविवार) को बजट पेश किया जाएगा। पंजाब विधानसभा के इतिहास में यह पहला अवसर है जब रविवार के दिन बजट सत्र आयोजित हो रहा है। जानकारों का मानना है कि सरकार इस दिन महिलाओं को एक हजार रुपये देने की घोषणा कर सकती है, इसलिए इस तारीख का चयन किया गया है।
विधानसभा से मिली जानकारी के अनुसार 9 मार्च को राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा और धन्यवाद प्रस्ताव लाया जाएगा। 10 और 11 मार्च को दो दिनों तक बजट पर चर्चा होगी। इस दौरान सभी दलों के विधायकों को उनकी संख्या के अनुसार बोलने का समय दिया जाएगा। 12 मार्च को गैर-सरकारी कार्य (नॉन-ऑफिशियल बिजनेस) होगा।
सत्र के बीच 13 से 15 मार्च तक अवकाश रहेगा। इस दौरान मोहाली में ‘इन्वेस्ट पंजाब’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश-विदेश से निवेशक पंजाब में निवेश की संभावनाओं को लेकर पहुंचेंगे। 16 मार्च को सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी जाएगी