अमृतसर में ISI समर्थित आतंकी मॉड्यूल बेनकाब: गुरदासपुर में पुलिसकर्मी पर हमले की साजिश नाकाम, 2 गिरफ्तार
Punjab News Live -PNL
March 14, 2026
अमृतसर, ताजा खबर, पंजाब
अमृतसर , (PNL) : पंजाब के अमृतसर देहाती पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है । पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े एक आतंकी और सरहद पार हथियार तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया। पुलिस ने इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से भारी मात्रा में आधुनिक हथियार बरामद किए गए हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए एसएसपी अमृतसर देहाती सोहेल मीर ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक इलाके में अवैध हथियारों के साथ सक्रिय हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अमृतसर देहाती के गांव माहवा में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक AK-47 राइफल, दो मैगजीन, 36 जिंदा कारतूस और तीन आधुनिक 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल बरामद की गईं। पुलिस के अनुसार यह हथियार पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भारत भेजे गए थे।
AK-47, दो मैगजीन, 36 जिंदा कारतूस और तीन 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल जब्त
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस पूरे मॉड्यूल के पीछे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई का हाथ है। जांच एजेंसियों के मुताबिक इन हथियारों को आगे गुरदासपुर भेजा जाना था, जहां एक पुलिस मुलाजिम को निशाना बनाकर उसकी हत्या करने की साजिश रची गई थी। अमृतसर देहाती पुलिस की इस कार्रवाई से एक बड़ी साजिश नाकाम हो गई है। पुलिस का कहना है कि इस मामले की गहराई से जांच की जा रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। एसएसपी सोहेल मीर ने कहा कि पंजाब पुलिस किसी भी तरह की आतंकी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं करेगी और प्रदेश की सुरक्षा के लिए पूरी तरह सतर्क है।