अमृतपाल सिंह को मिली एक दिन की कस्टोडियल पैरोल, डिब्रूगढ़ जेल से लाया जाएगा अमृतसर
Punjab News Live -PNL
November 17, 2026
ताजा खबर, देश विदेश, पंजाब
न्यूज डेस्क, (PNL) : असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह को अदालत से बड़ी राहत मिली है. न्यायालय ने अमृतपाल सिंह को पारिवारिक सदस्य के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए 21 नवंबर को एक दिन की कस्टोडियल पैरोल (हिरासत में पैरोल) की अनुमति दे दी है.
इस महत्वपूर्ण फैसले के बाद अमृतपाल सिंह के वकीलों— हरजोत सिंह मान और ऋतु राज सिंह संधू ने मीडिया से बातचीत करते हुए पूरी कानूनी प्रक्रिया और अदालत के निर्देशों की जानकारी साझा की
वकील हरजोत सिंह मान ने बताया कि अदालत में कुल तीन नई अर्जियां दायर की गई थीं, जिनमें अमृतपाल सिंह के अलावा उनके चाचा हरदीप सिंह और सुखमनजीत सिंह की पैरोल से जुड़ी याचिकाएं शामिल थीं.
दिन भर चली लंबी सुनवाई के दौरान सरकारी वकील ने इन अर्जियों का पुरजोर विरोध किया. हालांकि, बचाव पक्ष के वकीलों द्वारा पेश की गई मजबूत दलीलों और दोनों पक्षों के तर्कों को सुनने के बाद माननीय न्यायाधीश ने अमृतपाल सिंह को 21 नवंबर को अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए एक दिन की पैरोल मंजूर कर ली.
पैरोल की शर्तों पर प्रकाश डालते हुए वकील हरजोत सिंह मान ने स्पष्ट किया कि अमृतपाल सिंह को अपने परिवार के बीच रहने के लिए केवल तीन घंटे का समय दिया जाएगा. हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि डिब्रूगढ़ से अमृतसर आने-जाने में लगने वाला यात्रा का समय (ट्रैवलिंग टाइम) इन तीन घंटों में नहीं गिना जाएगा.
यह तीन घंटे की अवधि तभी शुरू होगी जब वे अमृतसर पहुंचकर परिवार के बीच उपस्थित होंगे. सुरक्षा और यात्रा के प्रबंधों को लेकर वकीलों ने कहा कि यह पूरी जिम्मेदारी पंजाब पुलिस और स्थानीय प्रशासन की होगी कि वे वहां से विशेष टीम भेजते हैं या डिब्रूगढ़ से पुलिस टीम उन्हें लेकर आती है.
सुनवाई के दौरान यात्रा के खर्च को लेकर भी अदालत में अहम बहस देखने को मिली। वकील हरजोत सिंह मान ने बताया कि उन्होंने अर्जी में यह विशेष बिंदु जोड़ा था कि अमृतपाल सिंह को लाने-ले जाने का खर्च उनके परिवार पर न डाला जाए.
वकीलों ने तर्क दिया कि अमृतपाल सिंह एक निर्वाचित सांसद हैं और नियमों के तहत एक सांसद के यात्रा भत्ते और खर्च सरकार द्वारा वहन किए जाते हैं. सरकारी वकील ने इस मांग का भी विरोध किया, लेकिन अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अपना फैसला सुरक्षित रखा और पैरोल की अनुमति दी.
वहीं, दूसरे वकील ऋतु राज सिंह संधू ने बताया कि कस्टोडियल पैरोल की अर्जी मंजूर हो चुकी है, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण अदालत का विस्तृत आदेश अभी वेबसाइट पर अपलोड नहीं हो पाया है.
उन्होंने कहा कि जैसे ही आदेश की प्रति अपलोड होगी, पैरोल की अन्य शर्तों और यात्रा खर्च से जुड़े अंतिम निर्णय की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी.
अमृतपाल सिंह के अमृतसर पहुंचने की संभावनाओं पर बात करते हुए ऋतु राज सिंह संधू ने कहा कि पिछली बार डिब्रूगढ़ जेल प्रशासन की ओर से ईमेल आया था कि कम समय होने के कारण वे सुरक्षा और यात्रा के इंतजाम नहीं कर सके. लेकिन इस बार 21 नवंबर तक पर्याप्त समय है, इसलिए पूरी उम्मीद है कि प्रशासन समय रहते सभी पुख्ता इंतजाम कर लेगा और सांसद अमृतपाल सिंह अंतिम संस्कार में शामिल हो सकेंगे.