पर्यावरण संरक्षण और गीले कचरे के निपटारे के लिए डेरा बस्सी के नजदीक समगौली गांव में कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) प्लांट लगाने की मंजूरी दी गई है. इसके लिए ‘एचपीसीएल (HPCL) रिन्यूएबल एंड ग्रीन एनर्जी लिमिटेड’ को 39 एकड़ जमीन आवंटित की गई है. इस प्लांट से इलाके में कचरे की समस्या खत्म होगी और पंजाब को बड़े स्तर पर ग्रीन एनर्जी मिलेगी.
पटवारियों की मांग पूरी: स्टेट कैडर से डिस्ट्रिक्ट कैडर में तब्दीली
राजस्व विभाग के पटवारियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए कैबिनेट ने ग्रुप-सी के इन पदों को स्टेट कैडर की बजाय दोबारा डिस्ट्रिक्ट कैडर बनाने के प्रस्ताव को पास कर दिया है. वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि आज की कैबिनेट में लिए गए ये सभी फैसले पंजाब के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, पर्यावरण को बचाने, युवाओं को रोजगार देने और नशामुक्त पंजाब की मुहिम को आगे बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होंगे.
वहीं चंडीगढ़ में पंजाब कैबिनेट की बैठक के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने आम आदमी पार्टी द्वारा जारी 40 उम्मीदवारों की पहली सूची में अपना और अन्य कैबिनेट मंत्रियों का नाम ना होने को लेकर सफाई दी है.
‘आप मेरी और अन्य मंत्रियों की चिंता ना करें’
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब वित्त मंत्री से पूछा कि आम आदमी पार्टी की 40 उम्मीदवारों की पहली सूची में मुख्यमंत्री भगवंत मान का नाम तो शामिल है, लेकिन आपका या किसी अन्य मौजूदा कैबिनेट मंत्री का नाम क्यों नहीं है? तो उन्होंने जवाब दिया कि आप मेरी और अन्य मंत्रियों की चिंता ना करें. सर्वे और फीडबैक के आधार पर चयन किया गया है.
चीमा ने बताया कि ये अभी पार्टी की पहली सूची है जो पूरी तरह जनता के बीच कराए गए सर्वे और ग्राउंड फीडबैक के आधार पर तय की गई है. जिन सीटों पर उम्मीदवारों का नाम पहले फाइनल हुआ, उन्हें जारी कर दिया गया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि मंत्रियों के नाम गायब होने का मतलब टिकट कटना नहीं है. आने वाली सूचियों में बाकी बचे विधानसभा क्षेत्रों और मंत्रियों के नामों की घोषणा की जाएगी. पार्टी सभी 117 सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ने जा रही है.
चुनाव के समय पंजाब आकर राजनीति चमकाने की कोशिश
कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा पंजाब में कानून-व्यवस्था, ड्रग्स के मुद्दों और 4 नवंबर को संगरुर में की जा रही कांग्रेस की इंसाफ रैली को लेकर हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि कांग्रेस और उनके केंद्रीय नेता राहुल गांधी केवल चुनाव के समय पंजाब आकर राजनीति चमकाने की कोशिश करते हैं. राहुल गांधी पूरे साढ़े चार साल पंजाब से गायब रहे और अब चुनाव के वक्त इलेक्शन टूरिज्म के लिए आ रहे हैं.
आम आदमी पार्टी की सरकार ऐतिहासिक कदम
उन्होंने दोहराया कि पंजाब में नशों और अपराधियों के खिलाफ आम आदमी पार्टी की सरकार ऐतिहासिक कदम उठा रही है. कैबिनेट ने आज ही एनडीपीएस मामलों के निपटारे के लिए 35 नई अदालतें बनाने को मंजूरी दी है. चीमा ने विपक्ष को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस और अकाली-बीजेपी के समय पंजाब में ड्रग तस्करों को सजा दिलाने की दर बेहद कम थी, जबकि आज आम आदमी पार्टी सरकार के दौरान एनडीपीएस मामलों में सजा की दर 92% से अधिक हो चुकी है, जो पूरे देश में रिकॉर्ड है. ऐसे में विपक्ष का कोई भी आरोप या रैली जनता को गुमराह नही कर सकती.