अमृतसर में स्कॉर्पियो सवार युवक पर फायरिंग:कमर में लगी गोली, 25-30 राउंड चलाए; खुद गाड़ी चलाकर पहुंचा घर
Punjab News Live -PNL
October 15, 2026
अमृतसर, ताजा खबर, पंजाब
अमृतसर , (PNL) : अमृतसर के झंडेर में स्कॉर्पियो सवार युवक पर हमला कर फायरिंग की गई। गोली युवक की कमर में लगी है। घायल युवक खुद गाड़ी चलाकर घर पहुंचा, जिसके बाद परिजन उसे अमृतसर के फोर्टिस एस्कॉर्ट अस्पताल लेकर गए। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।घटना 13 अक्टूबर की रात करीब साढ़े 9 बजे की है। रवनीश नंदा स्कॉर्पियो से अमृतसर जा रहा था। जब वह नया पिंड नहर के पास पहुंचा, तो कई गाड़ियों में सवार लोगों ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि हैप्पी माहल, मन्ना, राजकरण, गुरजीत सिंह खैहरा, करम सिंह और उनके 10 से 12 साथियों ने युवक के साथ मारपीट की।
बचने के लिए गाड़ी भगाई, 25-30 राउंड फायरिंग
युवक ने आरोपियों से बचने के लिए गाड़ी भगाई तो उन्होंने पीछे से फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान करीब 25 से 30 राउंड गोलियां चलाई गईं। एक गोली युवक की कमर में लगी। इसके बावजूद वह गाड़ी चलाकर घर पहुंचा। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर गए, जहां उसका इलाज जारी है।
10 से 12 अज्ञात लोगों को नामजद किया गया
मामले में थाना झंडेर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने हैप्पी माहल, मन्ना, राजकरण, गुरजीत सिंह खैहरा, करम सिंह और 10 से 12 अज्ञात लोगों को नामजद किया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 115(2), 126(2), 190 और 191(3) के अलावा आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
एनओसी को लेकर हुए विवाद से जुड़ा मामला
पुलिस अधिकारी सब इंस्पेक्टर हरजिंदर सिंह ने बताया कि यह मामला एनओसी को लेकर हुए विवाद से जुड़ा है। दूसरी पार्टी ने एक व्यक्ति से हरियाणा नंबर की गाड़ी खरीदी थी, लेकिन उसे एनओसी नहीं दी गई थी। इस मामले में गोली लगने से घायल हुए रवनीश नंदा ने गाड़ी बेचने वाले व्यक्ति का समर्थन किया था। इसी दौरान यह घटना हुई। मामले के बाकी पहलुओं की जांच की जा रही है।