न्यूज डेस्क, (PNL) : पंजाबी एक्टर-सिंगर दिलजीत दोसांझ के दिल-लुमिनाटी इंडिया टूर-2024 ने पंजाबी म्यूजिक के इतिहास में कमाई का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इस टूर ने 943 करोड़ रुपए कमाए। इसका खुलासा मार्च 2026 में आई सोशियो इकोनॉमिक इम्पैक्ट रिपोर्ट में किया गया। इस टूर से 114 करोड़ रुपए टैक्स मिला, जबकि 1.2 लाख लोगों को रोजगार मिला है। अर्न्स्ट एंड यंग (EY) की ताजा सोशियो इकोनॉमिक रिपोर्ट के मुताबिक, यह आंकड़ा भारतीय कलाकार के लाइव टूर का नया बेंचमार्क है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि टूर के दौरान 3.2 लाख से ज्यादा दर्शकों ने शो देखे। दिल्ली का शो तो रिकॉर्ड 55 हजार दर्शकों के साथ देश का सबसे बड़ा शो बना। टूर के दौरान 13 शहरों में कुल 14 शो हुए। EY रिपोर्ट के अनुसार, टिकट बिक्री और स्पॉन्सरशिप से 276 करोड़ का डायरेक्ट रेवेन्यू मिला, जबकि होटल, ट्रैवल, खान-पान, शॉपिंग और लोकल सर्विसेज में फैंस के खर्च से 553 करोड़ रुपए आए। टैक्स में 111 करोड़ GST और बाकी लोकल परमिशन फीस शामिल हैं।
सवा लाख दिहाड़ी के बराबर रोजगार दिया
सबसे दिलचस्प बात यह है कि इस टूर ने 1.18 लाख मैन-डे रोजगार दिया है। लॉजिस्टिक्स, सिक्योरिटी, स्टेज प्रोडक्शन, टेक्निशियन और लोकल वेंडर्स समेत हजारों लोगों को सीधा रोजगार मिला।
रिपोर्ट में कहा गया है कि टियर-2 और टियर-3 शहरों से 49% दर्शक आए। जबकि, 38% फैंस दूसरे शहरों से ट्रैवल कर शो में शामिल हुए और कई ने अपनी ट्रिप 2-5 दिन बढ़ा दी, जिससे टूरिज्म और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को बड़ा बूस्ट मिला।
दिलजीत बोले- हमने मिलकर कुछ ऐतिहासिक किया
दिलजीत ने टूर के सफल समापन पर फैंस और टीम को धन्यवाद देते हुए कहा कि हमने मिलकर कुछ ऐतिहासिक बनाया है।
EY की रिपोर्ट में कहा गया है कि बड़े लाइव इवेंट्स अब सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि पूरे इकोसिस्टम को पावर देते हैं। यह सफलता सिर्फ दिलजीत की नहीं, बल्कि पूरे भारत की लाइव म्यूजिक इंडस्ट्री की जीत है। आने वाले समय में और बड़े टूर की उम्मीद जाग रही है।
क्या है EY जिसने रिपोर्ट बनाई
इस सोशियो-इकोनॉमिक इम्पैक्ट रिपोर्ट को अर्न्स्ट एंड यंग (EY) ने रिलीज किया है। यह एक ग्लोबल प्रोफेशनल सर्विसेज फर्म है, जो दुनिया की 4 सबसे बड़ी कंपनियों में शामिल है। 1989 में बनी इस कंपनी का हेडक्वार्टर लंदन में है। भारत में भी यह सक्रिय है।
कंपनी अकाउंट्स की जांच, टैक्स प्लानिंग, बिजनेस सलाह, स्ट्रैटेजी पर काम करती है। कंपनी किसी इवेंट, प्रोजेक्ट, पॉलिसी या सेक्टर के आर्थिक और सामाजिक प्रभाव को मापती है, जैसे टिकट सेल्स, जॉब्स, टैक्स, ट्रैवल, होटल, लोकल बिजनेस पर असर आदि।
विवादों से घिरा रहा दिल-लुमिनाटी टूर
टिकटों की कालाबाजारी: आधिकारिक प्लेटफॉर्म जोमैटो लाइव पर टिकट जल्दी बिक गए। इसके बाद वे अन्य वेबसाइटों पर 1 लाख रुपए से ज्यादा कीमत पर बिकते देख गए।
नकली टिकट: दिल्ली और जयपुर जैसे शहरों में कई लोगों को नकली टिकट बेचकर लाखों की ठगी की गई।
ED की छापेमारी: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने दिल्ली, मुंबई और जयपुर सहित कई शहरों में अवैध टिकट बिक्री के खिलाफ छापे मारे।
कानूनी नोटिस: टिकट बिक्री में कथित हेरफेर और कालाबाजारी के लिए एक छात्रा ने दिलजीत और आयोजकों को कानूनी नोटिस भेजा।
गानों पर प्रतिबंध: हैदराबाद कॉन्सर्ट से पहले तेलंगाना सरकार ने नोटिस जारी कर दिलजीत को शराब, ड्रग्स और हिंसा को बढ़ावा देने वाले गाने न गाने का निर्देश दिया।
स्टेडियम की बदहाली: दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में शो के बाद फैली गंदगी और टूटे हुए एथलेटिक्स उपकरणों के वीडियो वायरल हुए। इस पर कई एथलीटों ने स्टेडियम के दुरुपयोग का कड़ा विरोध किया।
सुविधाओं की कमी: फैंस ने महिलाओं के लिए गंदे वॉशरूम, खराब लाइटिंग और खाने-पीने के काउंटरों पर भारी अव्यवस्था की शिकायत की।
डांसर पेमेंट: लॉस एंजिल्स के एक कोरियोग्राफर ने आरोप लगाया कि टूर के दौरान भारतीय बैकग्राउंड डांसर्स को भुगतान नहीं किया गया। हालांकि, दिलजीत की टीम ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा कि वे डांसर उनके आधिकारिक दल का हिस्सा नहीं थे।
नाम को लेकर विवाद: टूर के नाम दिल-लुमिनाटी को लेकर कुछ लोगों ने इसे एक गुप्त वैश्विक संगठन इलुमिनाटी से जोड़ने की कोशिश की। दिलजीत ने इन दावों का खंडन किया।