पंजाब की IAS अधिकारी को ED का समन, 18 अगस्त को पूछताछ, ये है पूरा मामला
Punjab News Live -PNL
August 17, 2026
चंडीगढ़, ताजा खबर, पंजाब, होम
मोहाली, (PNL) : सनटेक सिटी प्रोजेक्ट से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पंजाब कैडर की IAS अधिकारी कंवल प्रीत बराड़ को 18 अगस्त को पूछताछ के लिए बुलाया है। बताया जा रहा है कि ED ने अधिकारी को ईमेल के माध्यम से समन भेजा है। जांच एजेंसी की पड़ताल में सनटेक सिटी प्रोजेक्ट के लिए जमीन के लैंड यूज में बदलाव यानी CLU की मंजूरी से जुड़ी कथित अनियमितताओं की जांच की जा रही है। ED यह जानने की कोशिश कर रही है कि डेवलपर को जमीन बेचने से पहले जमीन मालिकों की सहमति की जांच किस प्रक्रिया के तहत की गई थी और इस दौरान अधिकारियों की क्या भूमिका रही।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कंवल प्रीत बराड़ ने समन मिलने की जानकारी से अनभिज्ञता जताई है। उनका कहना है कि शुक्रवार दोपहर 2 बजे के बाद वह बैठक के सिलसिले में कार्यालय में मौजूद नहीं थीं। ऐसे में उन्हें यह जानकारी नहीं है कि उनकी अनुपस्थिति के दौरान उनके आधिकारिक ईमेल पर ED का समन भेजा गया था या नहीं। अब 18 अगस्त को होने वाली पूछताछ में ED इस मामले से जुड़े दस्तावेजों और प्रशासनिक प्रक्रिया को लेकर अधिकारी से जानकारी हासिल कर सकती है।
अब विस्तार से पढ़ें पूरा मामला:-
2020 में शिकायत से शुरू हुआ मामला: मोहाली के पल्हेरी गांव के जमीन मालिक करमजीत सिंह ने 2020 में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि सनटेक सिटी के प्रमोटरों ने उनकी 53 कनाल जमीन समेत 14 अन्य किसानों की कुल 30.5 एकड़ जमीन के फर्जी सहमति पत्र तैयार किए। इन दस्तावेजों पर किसानों के जाली हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान लगाए गए थे।
25 नवंबर 2020 में पुलिस की पहली जांच: मोहाली के तत्कालीन SP (इन्वेस्टिगेशन) हरमनदीप हंस ने जांच रिपोर्ट सौंपी। रिपोर्ट में जालसाजी और आपराधिक साजिश के आरोप सामने आए। जांच के बाद मुल्लांपुर थाने में नवंबर 2022 में FIR दर्ज की गई। यही मामला आगे चलकर ईडी की मनी लॉन्ड्रिंग जांच का आधार बना।
7 मई 2026 में ईडी की बड़ी कार्रवाई: पुलिस की FIR के आधार पर ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया। इसके बाद मोहाली और चंडीगढ़ में 12 ठिकानों पर छापेमारी की गई। ईडी ने सनटेक सिटी के प्रमोटर अजय सहगल समेत ABS Township और Eltus Space Builders से जुड़े अधिकारियों और निदेशकों से पूछताछ की।
7 मई 2026 को ₹21 लाख कैश का मामला: ईडी की कार्रवाई के दौरान कारोबारी नितिन गोहल के घर पर भी छापेमारी हुई। रिपोर्टों के मुताबिक, इसी दौरान 9वीं मंजिल से ₹21 लाख कैश नीचे फेंका गया। ईडी ने पूछताछ के बाद अजय सहगल को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें सनटेक सिटी का प्रमुख प्रमोटर बताया गया है।
मई 2026 में ईडी कस्टडी: गिरफ्तारी के बाद सहगल को मोहाली की विशेष पीएमएलए कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उन्हें 27 मई 2026 तक ईडी की कस्टडी में भेज दिया।
कई अधिकारियों से हो चुकी पूछताछ
जांच का दायरा ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी और आवास विभाग के कामकाज में कथित अनियमितताओं तक बढ़ गया है। ईडी पहले ही कई वरिष्ठ अधिकारियों से पूछताछ कर चुकी है। सनटेक सिटी समेत अन्य प्रोजेक्ट्स को जारी की गई CLU मंजूरियों से जुड़ा पूरा रिकॉर्ड मांगा है। मामले में आरोप है कि 15 भूमि मालिकों की 30.5 एकड़ जमीन के लिए जाली हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान वाले फर्जी सहमति पत्र तैयार किए गए थे। कथित तौर पर इनका इस्तेमाल CLU मंजूरियां हासिल करने के लिए किया गया। इसके बाद RERA से पंजीकरण और मंजूरी मिलने से पहले ही प्रोजेक्ट की इकाइयां बेच दी गईं।