जालंधर सांसद चन्नी ने शुरू किया ‘मिशन चिट्टा सोना’:रात को टिप्पर में बैठकर खनन साइट पर पहुंचे, बोले- केजरीवाल और मान ने रेत लूटा
Punjab News Live -PNL
October 16, 2026
जालंधर, ताजा खबर, पंजाब
जालंधर , (PNL) : जालंधर से सांसद चरणजीत चन्नी ने अवैध खनन को लेकर नया अभियान शुरू किया है। इसे ‘चिट्टा सोना’ नाम दिया गया है। पूर्व सीएम और मौजूदा सांसद चन्नी ने इसका एक वीडियो भी अपने एक्स हैंडल पर शेयर किया। इसमें वह गुरुवार रात को टिप्पर में जाते हुए बताते हैं कि वह अवैध खनन की एक साइट पर जा रहे हैं, जो दरिया के किनारे स्थित है।
चन्नी ने कहा कि हम कहां जा रहे हैं, अभी नहीं बताएंगे, क्योंकि खनन करने वाले लोग अलर्ट हो जाएंगे। टिप्पर के डाले में बैठकर आधी रात को चन्नी ने कई लोगों और मीडिया के साथ अवैध खनन की तस्वीरें दिखाईं। उन्होंने दावा किया कि जिस साइट पर वे पहुंचे हैं, वहां अवैध खनन हो रहा है।चन्नी के मुताबिक, यहां से रोजाना सैकड़ों ट्रक रेत अवैध रूप से निकाली जा रही है। उन्होंने AAP सरकार पर आरोप लगाया कि भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल रेत को लूटकर खा गए हैं। चन्नी ने दावा किया कि इस कथित लूट से पंजाब के खजाने को नुकसान पहुंचाया गया है।
टिप्पर में बैठते हुए चरणजीत सिंह चन्नी।
साइट दिखाते हुए इसे अवैध बताया गया।
चन्नी ने वीडियो में क्या कहा, जानिए…
-
टिप्पर में जा रहे, ताकि लगे कोई खरीदार आया है: चरणजीत चन्नी ने कहा कि अवैध खनन के इस काले कारोबार का पर्दाफाश करने के लिए वह कार से नहीं, बल्कि टिप्पर में सवार होकर निकले हैं। खनन माफिया को जरा भी शक न हो और उन्हें लगे कि रेत खरीदने के लिए कोई नया ग्राहक आया है।
-
न कोई लीगल खड्ड, फिर भी रोज खाली हो रहा पंजाब का खजाना: चन्नी ने कहा कि जिस लोकेशन पर वह पहुंचे हैं, वहां दूर-दूर तक कोई भी लीगल माइनिंग साइट नहीं है। इसके बावजूद यहां से हर दिन सैकड़ों-हजारों टन रेत गैर-कानूनी तरीके से निकाली जा रही है।
-
पंजाब से दूसरे राज्यों तक सप्लाई: चन्नी के मुताबिक, यह अवैध रेत न केवल पंजाब की जरूरतों को पूरा करने के नाम पर निकाली जा रही है, बल्कि भारी मात्रा में दूसरे राज्यों में भी भेजी जा रही है।
-
खजाने पर सीधा डाका: चन्नी ने कहा कि हर दिन बिना किसी सरकारी रॉयल्टी के यह रेत गाड़ियों में लादकर भेजी जाती है, जिससे पंजाब सरकार के खजाने को रोजाना करोड़ों रुपये की चपत लग रही है।
-
परमात्मा मेहरबान रहा तो बेनकाब होगा नेटवर्क: टिप्पर में बैठकर उबड़-खाबड़ रास्तों से गुजरते हुए चन्नी की टीम ने इस पूरे नेटवर्क का स्टिंग किया। चन्नी ने कहा कि उनका मकसद पंजाब के प्राकृतिक संसाधनों को लूटने वाले इस सिंडिकेट और जिम्मेदार तंत्र की मिलीभगत को जनता के सामने बेनकाब करना है। उन्होंने कहा, “परमात्मा मेहरबान रहा तो सारा नेटवर्क बेनकाब होगा।”

