जालंधर में हाई स्पीड स्विफ्ट ने बाइक को टक्कर मारी:डिलीवरी बॉय गंभीर घायल, नशे की हालत में था ड्राइवर; लोगों ने पकड़ा
Punjab News Live -PNL
September 26, 2026
जालंधर, ताजा खबर, पंजाब
जालंधर , (PNL) : जालंधर में तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने मोटरसाइकिल सवार डिलीवरी बॉय को टक्कर मार दी। इससे डिलीवरी बॉय गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे राहगीरों और पुलिस की मदद से तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसा फुटबॉल चौक पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, डिलीवरी बॉय शुक्रवार देर रात अपनी स्पलेंडर बाइक पर बस्ती की तरफ जा रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार (नंबर: PB 08 CP 0511) पीछे से आई और उसने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और डिलीवरी बॉय घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर भीड़ लग गई हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। लोगों ने भागने की कोशिश कर रहे नशे में धुत कार ड्राइवर को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल पर पहुंचे थाना डिवीजन नंबर 4 के पुलिसकर्मियों ने स्थिति को संभाला और ड्राइवर को कब्जे में ले लिया।कार ड्राइवर नशे में धुत था शुरुआती पूछताछ में ड्राइवर नशे की हालत में पाया गया, जो ठीक से बात करने की स्थिति में भी नहीं था। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।