अमृतसर में होटल के बाहर युवक को तलवारों से काटा:2 भाइयों ने झगड़े के बाद की हत्या; आरोपी बटाला के रहने वाले; 2 बच्चों का पिता
Punjab News Live -PNL
October 19, 2026
अमृतसर, ताजा खबर, पंजाब
अमृतसर , (PNL) : अमृतसर में रविवार रात एमजीएम होटल के बाहर 2 भाइयों ने एक युवक को तलवारों से काट दिया। मृतक की पहचान विक्की के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक विवाद अमृतसर निवासी विक्की और बटाला के रहने वाले दो भाईयों के बीच हुआ था। हमले में विक्की गंभीर रूप से घायल हो गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने घटना की सूचना मिलने के बाद जांच शुरू कर दी। एसीपी रविंदर पाल सिंह ने बताया कि पुलिस को एमजीएम होटल के बाहर झगड़े की सूचना मिली थी। इसके बाद मौके से जुड़ी सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। इसमें विक्की और बटाला निवासी दोनों भाइयों के बीच विवाद और मारपीट की घटना सामने आई। इस दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर तलवारों से वार किए।मृतक विक्की की पत्नी पूनम ने बताया कि पड़ोसियों के साथ गाड़ी हटाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। पूनम के मुताबिक, कल सुबह पड़ोसियों ने उनसे गाड़ी साइड में करने के लिए कहा था, क्योंकि उन्हें सफाई करनी थी। इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई और बाद में दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हो गया।
पूनम ने बताया कि झगड़े के बाद दूसरे पक्ष ने पुलिस में शिकायत दी थी कि उन्हें चोटें आई हैं। हालांकि, पूनम के मुताबिक, किसी को कोई चोट नहीं लगी थी। इसके बाद रात को उन्हें सूचना मिली कि उनके पति विक्की की हमला कर हत्या कर दी गई है। विक्की गिलवाली गेट इलाके में अपनी पत्नी पूनम और दो बेटियों के साथ रहता था। उसके परिवार में 5 साल की एक बेटी और 7 साल की बेटी है।पुलिस के अनुसार, हमले में विक्की की मौत हुई है। फिलहाल विवाद के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ रही है, ताकि झगड़े की शुरुआत और इसमें शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाया जा सके। मामले में जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।