अमृतसर पुलिस ने 300 चोरी हुए मोबाइल बरामद किए: साइबर टीम ने CR हेल्प डेस्क के जरिए ट्रेस कर किया रिकवरी
Punjab News Live -PNL
March 13, 2026
अमृतसर, ताजा खबर, पंजाब
अमृतसर , (PNL) : अमृतसर देहात पुलिस ने करीब 300 चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को वापस सौंपे हैं। इस मौके पर एक समारोह का आयोजन किया गया, जहां मोबाइल प्राप्त करने वाले लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी और उन्होंने पुलिस प्रशासन का धन्यवाद भी किया। इस कार्यक्रम की अगुवाई अमृतसर देहात के एसएसपी सुहेल मीर खान ने की। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने बताया कि यह दूसरी बार है जब इस तरह का मोबाइल वितरण समारोह आयोजित किया गया है।
इससे पहले जनवरी महीने में भी करीब 300 मोबाइल फोन उनके मालिकों को लौटाए गए थे। अब मार्च महीने में फिर से लगभग 300 मोबाइल फोन रिकवर कर लोगों को सौंपे गए हैं। इन सभी मोबाइल फोन की कुल बाजार कीमत लगभग डेढ़ करोड़ रुपए बताई जा रही है। एसएसपी सुहेल मीर खान ने बताया कि इन मोबाइल फोन को पुलिस की साइबर सेल, सीआर हेल्प डेस्क और अलग-अलग थाना टीमों की मदद से तकनीकी तरीकों के जरिए ट्रेस करके बरामद किया गया है। कई बार गुम हुए मोबाइल दूसरे जिलों या राज्यों तक पहुंच जाते हैं, जिससे उन्हें ढूंढना काफी मुश्किल हो जाता है, लेकिन पुलिस की मेहनती और समर्पित टीम ने लगातार प्रयास करके यह संभव बनाया। उन्होंने कहा कि अक्सर लोगों को लगता है कि मोबाइल गुम होने के बाद उसे वापस पाना मुश्किल है, लेकिन आज का यह कार्यक्रम इस बात का प्रमाण है कि अगर सही तरीके से पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई जाए तो मोबाइल फोन वापस मिल सकता है।अंत में एसएसपी ने लोगों से अपील की कि अगर किसी का मोबाइल गुम या चोरी हो जाए तो तुरंत पुलिस से संपर्क करें, ताकि पुलिस समय रहते कार्रवाई कर सके और मोबाइल को वापस दिलाया जा सके।