वृंदावन में बड़ा हादसा: यमुना नदी में नाव पलटी, 10 श्रद्धालुओं की मौत, ज्यादातर पंजाब के थे, पढ़ें
Punjab News Live -PNL
April 10, 2026
ताजा खबर, देश विदेश, होम
मथुरा, (PNL) : मथुरा से इस वक्त की बड़ी और दुखद खबर सामने आ रही है। वृंदावन में एक बड़ा हादसा हो गया है, जहां यमुना नदी में एक स्टीमर पलटने से अफरा-तफरी मच गई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक अब तक 10 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है। स्टीमर में करीब 25 लोग सवार थे, जिनमें से लगभग एक दर्जन लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मरने वालों में ज्यादातर पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब से थे।
यह हादसा श्रृंगार घाट के पास हुआ, जहां अचानक स्टीमर का संतुलन बिगड़ गया और वह नदी में पलट गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना अचानक हुआ कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। नदी में गिरे लोग अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष करते नजर आए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद के लिए दौड़ लगाई और कई लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की। जिलाधिकारी सी पी सिंह के मुताबिक, इस हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोगों के लापता होने की खबर है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। गोताखोरों को राहत और बचाव कार्य में लगाया गया है। नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, ताकि लापता लोगों को जल्द से जल्द खोजा जा सके।
वृंदावन के श्रृंगार घाट के पास रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोर टीम पानी में उतरकर तलाश कर रही है। प्रशासन का कहना है कि जब तक सभी लोगों का पता नहीं चल जाता, तब तक यह अभियान जारी रहेगा। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई है। परिजन अपने अपनों की तलाश में बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। पूरे इलाके में चिंता और दुख का माहौल है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है और प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही लापता लोगों का पता लगाया जा सकेगा।