2027 से पहले कैप्टन अमरिंदर का बड़ा बयान, ‘मुझे कुछ नहीं मिला, पंजाब पर कभी राय नहीं ली’
Punjab News Live -PNL
September 25, 2026
चंडीगढ़, ताजा खबर, पंजाब, पटियाला, होम
पटियाला, (PNL): पंजाब की सियासत में करीब छह दशक का अनुभव रखने वाले पूर्व मुख्यमंत्री और BJP नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपनी ही पार्टी के पंजाब में राजनीतिक दृष्टिकोण को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं। BJP में करीब चार साल पूरे करने के बाद कैप्टन ने कहा कि उन्हें इस दौरान वास्तव में कुछ हासिल नहीं हुआ और पंजाब से जुड़े मामलों में पार्टी ने उनसे कोई खास सलाह भी नहीं ली।
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि वह 1967 से पंजाब की राजनीति में सक्रिय हैं। वह दो बार मुख्यमंत्री, छह बार विधायक और दो बार सांसद रह चुके हैं। उनके मुताबिक इतने लंबे राजनीतिक अनुभव के बावजूद BJP ने पंजाब की राजनीति और नीतियों को लेकर उनसे कभी चर्चा नहीं की।
उन्होंने साफ कहा कि BJP पंजाब को नहीं समझती। उनके मुताबिक पार्टी लंबे समय तक पंजाब में अपने दम पर सत्ता में नहीं रही, इसलिए उसे राज्य की जमीनी राजनीति और राजनीतिक व्यवस्था को समझने के लिए अनुभवी नेताओं से सलाह लेनी चाहिए।
अकाली दल से गठबंधन पर जोर
2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर कैप्टन ने BJP और अकाली दल के पुराने रिश्ते का जिक्र करते हुए गठबंधन की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि अगर BJP पंजाब में सरकार बनाना चाहती है तो अकाली दल के साथ गठबंधन उसके लिए महत्वपूर्ण हो सकता है। दोनों दल पहले भी मिलकर पंजाब में सरकार चला चुके हैं। वहीं, उन्होंने वारिस पंजाब दे के साथ BJP के संभावित गठबंधन को लेकर कहा कि दोनों की विचारधारा में काफी अंतर है।
जेल में बंद सांसद अमृतपाल सिंह को लेकर कैप्टन ने कहा कि अगर उसके खिलाफ कोई अपराध है तो कानून के मुताबिक कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन उसे रिहा कर चुनाव लड़ने का मौका मिलना चाहिए।
कैप्टन ने कहा कि किसी व्यक्ति को लंबे समय तक जेल में रखने से उसकी लोकप्रियता बढ़ भी सकती है। उन्होंने इस संदर्भ में सिमरनजीत सिंह मान का उदाहरण दिया।
राहुल गांधी के लिए भी खोला PM का रास्ता
राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने की संभावना को लेकर पूछे गए सवाल पर कैप्टन ने कहा कि “क्यों नहीं?” उन्होंने इंदौर में राहुल गांधी की रैली का जिक्र करते हुए कहा कि वहां की भीड़ ने उन्हें प्रभावित किया। कैप्टन ने यह भी कहा कि राजनीति लगातार बदलती रहती है और हर पार्टी का अपना समय आता है।