बेटी के साथ दुबई में फंसी Lara Dutta वापस लौटीं India, बोलीं—ऐसा लगा जैसे ‘Airlift 2’ का हिस्सा हूं
Punjab News Live -PNL
March 13, 2026
ताजा खबर, देश विदेश, होम
न्यूज डेस्क, (PNL) : ईरान और इजराइल की जंग के बीच UAE में भी एयरस्ट्राइक हुई और इस दौरान बॉलीवुड के कई सेलेब्स वहां फंसे थे. बीते दिनों सोनल चौहान, उर्वशी रोतैला और ईशा गुप्ता दुबई से वापस लौटीं. हाल ही में बॉलीवुड एक्ट्रेस लारा दत्ता ने शेयर किया था कि वो ईरान-इजराइल वॉर के बीच दुबई में फंसी हैं. एक्ट्रेस ने एक वीडियो शेयर कर वहां का पूरा हाल बताया था. वहीं, अब लारा दत्ता दुबई से वापस अपने देश लौट आई हैं. मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच लारा दत्ता अपनी बेटी सायरा के साथ UAE में फंस गई थीं. अपने वतन वापस आने के बाद लारा दत्ता ने बताया कि किस तरह देश वापस आने में कामयाब रहीं.
बीते दिनों बॉलीवुड एक्ट्रेस लारा दत्ता ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट करके मिडिल ईस्ट के इस तनावपूर्ण माहौल में फंसे होने पर अपनी चिंता जाहिर की थी. अच्छी बात ये है कि अब लारा अपनी 14 साल की बेटी सायरा के साथ सेफली दुबई से भारत लौट आई हैं. आने के बाद एक्ट्रेस ने एक इंटरव्यू में बताया कि किस तरह से सुरक्षित अपने घर लौट पाईं. हिंदुस्तान टाइम्स से बात करते हुए लारा ने बताया कि जब युद्ध छिड़ा, तब वो और सायरा अकेले थे, जबकि उनके पति महेश भूपति काम के सिलसिले में लंदन में थे. एक्ट्रेस दुबई चली गई थीं ताकि उनकी 14 साल की बेटी वहां मौजूद एक बेहतरीन टेनिस कोच से ट्रेनिंग ले सके. मिडिल ईस्ट के इस तनाव के बीच लारा ने कहा कि UAE सरकार ने बहुत ही शानदार काम किया और हर किसी की सेफ्टी का खास ध्यान रखा.
भारत वापसी आने के अपने सफर के बारे में बात करते हुए एक्ट्रेस ने बताया कि उन्होंने और सायरा ने फुजैराह से फ्लाइइट लेने का फैसला किया. उन्हें बस एक ही हिदायत मिली थी कि बढ़ते तनाव के बीच वो घर के अंदर ही रहें. एक्ट्रेस ने कहा “हम जेबेल अली पोर्ट से महज 10 किलोमीटर दूर रहते थे, जहां हर रोज बमबारी हो रही थी. इसलिए हमने एक रिस्क लेने का फैसला किया, क्योंकि मैं अपने पति और परिवार के साथ रहना चाहती थी. हम गाड़ी से दो घंटे का सफर तय करके फुजैराह पहुंचे और ठीक एक दिन पहले ही फुजैरा एयरपोर्ट और तेल रिफाइनरी पर बमबारी हुई थी. ये बहुत डरावना था. मैं अपने को-स्टार अक्षय कुमार से मजाक में कह रही थी कि मुझे ऐसा लग रहा है जैसे मैं ‘एयरलिफ्ट 2’ का हिस्सा हूं.”