लुधियाना में नहर किनारे मिली लाश का केस अनसुलझा:3 दिन बाद भी महिला की पहचान नहीं, पेट-गर्दन पर धारदार हथियार के वार
Punjab News Live -PNL
September 21, 2026
ताजा खबर, पंजाब, लुधियाना
लुधियाना , (PNL) : लुधियाना में नहर किनारे मिली महिला की लाश की तीन दिन बाद भी पहचान नहीं हो सकी है। धारदार हथियार से हत्या के बाद शव फेंके जाने की आशंका के बीच पुलिस ने पहचान के लिए आसपास के जिलों के थानों और चौकियों से संपर्क किया है। अब पुलिस महिला के पोस्टर बनवाकर आसपास के इलाकों में लगवाने की तैयारी कर रही है।जानकारी के मुताबिक, 18 सितंबर की शाम ललतों से खेड़ी की तरफ जा रहे कुछ राहगीरों ने सुनसान रास्ते पर नहर किनारे एक महिला की लाश पड़ी देखी थी। राहगीरों ने तुरंत ललतों चौकी पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। इसके बाद शव को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेज दिया गया।पुलिस की शुरुआती जांच में महिला के पेट के अगले हिस्से और गर्दन पर धारदार हथियार से काटे जाने के निशान मिले। पुलिस को आशंका है कि ज्यादा खून बहने और गर्दन की नसें कटने के कारण उसकी मौत हुई।
महिला की बाजू पर लिखा मनी नाम।
पास से नहीं मिला मोबाइल-पर्स, टैटू ही पहचान का सहारा पुलिस के मुताबिक, महिला के कपड़ों और आसपास की जांच के दौरान उसके पास से मोबाइल फोन, पर्स या पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं मिला। ऐसे में फिलहाल उसके शरीर पर बने टैटू ही पहचान का अहम जरिया हैं। महिला के दाएं बाजू पर अंग्रेजी में ‘Money’ लिखा हुआ टैटू है, जबकि बाएं बाजू पर तीन स्टार बने हुए हैं। पुलिस ने इन टैटू की जानकारी के साथ महिला का हुलिया संबंधित थानों और चौकियों में भेजा है।
कहीं और हत्या कर शव यहां फेंकने का शक पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका है कि महिला की हत्या किसी दूसरी जगह पर की गई और इसके बाद शव को नहर किनारे सुनसान जगह पर लाकर फेंका गया। शव को यहां लाने के लिए किसी वाहन के इस्तेमाल की भी आशंका है। पुलिस आसपास के रास्तों और इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्ध वाहन या लोगों के बारे में सुराग मिल सके।
एक हफ्ते में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाली पुलिस लुधियाना और आसपास के जिलों में पिछले करीब एक सप्ताह के दौरान महिलाओं के लापता होने संबंधी दर्ज शिकायतों की भी जांच कर रही है। पुलिस का मानना है कि अगर महिला अपने घर से लापता हुई होगी तो उसके परिवार या रिश्तेदारों ने संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराई हो सकती है।
तीन दिन बीतने के बावजूद पहचान नहीं होने के बाद अब पुलिस महिला के पोस्टर तैयार करवाकर सार्वजनिक स्थानों और आसपास के इलाकों में लगाने की तैयारी कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पोस्टर के जरिए कोई व्यक्ति महिला को पहचान सकेगा और उसके परिवार तक पहुंचा जा सकेगा। थाना सदर के एसएचओ जगदेव सिंह ने कहा कि महिला की पहचान करने में पुलिस जुटी है। जल्द मामला सुलझा लिया जाएगा।