अमृतपाल सिंह को लाने असम पहुंची पंजाब पुलिस की टीम, इस दिन आएंगे अमृतसर; दादी के अंतिम संस्कार में होंगे शामिल
Punjab News Live -PNL
November 19, 2026
चंडीगढ़, ताजा खबर, पंजाब, होम
न्यूज डेस्क (PNL): खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह को उनकी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल करवाने के लिए पंजाब पुलिस ने तैयारी शुरू कर दी है। गुरुवार को पंजाब पुलिस की 5 सदस्यीय टीम असम की डिब्रूगढ़ जेल पहुंच गई। डीएसपी स्तर के अधिकारी की अगुवाई में पहुंची यह टीम अमृतपाल को अमृतसर लाने और वापस ले जाने की प्रक्रिया पूरी करेगी।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अमृतपाल सिंह को 21 नवंबर को अमृतसर लाया जाएगा। इसके लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। अमृतपाल अपनी दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। अमृतसर सेशन कोर्ट ने उन्हें 21 नवंबर को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक यानी सिर्फ 3 घंटे की कस्टडी पैरोल मंजूर की है।
परिवार ने पुलिस के खाते में जमा करवाए 10 लाख रुपये
अमृतपाल सिंह को डिब्रूगढ़ जेल से अमृतसर लाने और अंतिम संस्कार के बाद वापस ले जाने का खर्च उनके परिवार को उठाना होगा। इसके लिए परिवार की ओर से पुलिस के सरकारी खाते में 10 लाख रुपये जमा करवाए गए हैं। इनमें से करीब 7 लाख 84 हजार रुपये हवाई टिकटों पर खर्च होंगे। इसमें अमृतपाल सिंह और उनके साथ आने वाले 5 पुलिस मुलाजिमों की आने-जाने की टिकटें शामिल हैं।
पैतृक गांव में खेतों में होगा दादी का अंतिम संस्कार
अमृतपाल सिंह की दादी चरण कौर का अंतिम संस्कार अमृतसर जिले के पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा में किया जाएगा। परिवार ने उन्हें अपने खेतों में अंतिम विदाई देने का फैसला किया है। इसके लिए गांव में तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों की ओर से अंतिम संस्कार की व्यवस्थाएं की जा रही हैं। चरण कौर का 8 नवंबर को निधन हो गया था।
माहौल बिगड़ा तो तुरंत पंजाब से बाहर ले जा सकती है पुलिस
अमृतपाल सिंह की कस्टडी पैरोल को लेकर कोर्ट ने सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में भी सख्त शर्तें रखी हैं। अदालत के लिखित आदेशों के मुताबिक, अगर अंतिम संस्कार के दौरान कानून-व्यवस्था बिगड़ती है या किसी अप्रिय घटना की आशंका पैदा होती है तो पुलिस उन्हें तुरंत वहां से ले जा सकती है।
इतना ही नहीं, ऐसी स्थिति में सरकार को अमृतपाल सिंह को तुरंत पंजाब से बाहर ले जाने की भी छूट दी गई है। यानी अंतिम संस्कार स्थल पर हालात बिगड़ने की स्थिति में पुलिस बिना देरी किए उन्हें वापस ले जा सकती है।
तीन दिन की सुरक्षा देने से पुलिस ने जताई असमर्थता
अमृतपाल सिंह की ओर से तीन दिन की कस्टडी पैरोल की मांग की गई थी, लेकिन पंजाब पुलिस ने इतने लंबे समय तक सुरक्षा उपलब्ध करवाने में असमर्थता जताई। पुलिस का कहना था कि उसके पास तीन दिन तक सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं और वह केवल तीन घंटे तक ही सुरक्षा दे सकती है।
इसी आधार पर अदालत ने 21 नवंबर को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक की कस्टडी पैरोल मंजूर की। इस दौरान अमृतपाल सिंह पुलिस की निगरानी में रहेंगे और अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद उन्हें वापस ले जाया जाएगा।