चन्नी के कार्यक्रम में पहुंचे राजा वड़िंग, मंच पर सचिन पायलट-परगट सिंह भी रहे मौजूद, बोले-फूट दिखाना हमारी स्ट्रेटर्जी
Punjab News Live -PNL
November 19, 2026
ताजा खबर, पंजाब, लुधियाना, होम
खन्ना, (PNL) : पंजाब कांग्रेस में नेताओं के बीच चल रही सियासी गतिविधियों के बीच लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की साइकिल यात्रा के समापन समारोह में शामिल हुए। खन्ना में हुए इस कार्यक्रम में वड़िंग मंच पर सचिन पायलट और पंजाब कांग्रेस प्रधान परगट सिंह के साथ बैठे दिखाई दिए।
कार्यक्रम में पहुंचने से पहले राजा वड़िंग ने अपने अगले राजनीतिक कार्यक्रम का भी ऐलान किया। उन्होंने बताया कि 21 नवंबर को लुधियाना के सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र से इंसाफ मार्च की शुरुआत की जाएगी। यह मार्च पंजाब के सभी जिलों में पहुंचेगा और विधानसभा चुनाव तक जारी रहेगा।
पत्रकारों से बातचीत में वड़िंग ने टिकटों के बंटवारे को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि वह अपने साथियों को टिकट दिलाने के लिए हाईकमान के सामने पूरी मजबूती से पक्ष रखेंगे। हालांकि, किसे टिकट मिलना है और किसे नहीं, इसका फैसला राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और सचिन पायलट को करना है।
-
साथियों के लिए टिकट की पैरवी करूंगा: राजा वड़िंग ने कहा कि टिकट फाइनल हाईकमान ने करनी हैं। परगट सिंह, प्रताप बाजवा समेत तमाम सीनियर नेता दावेदारों की सूची हाईकमान के पास रखेंगे। मैं अपने साथियों की टिकट की वकालत हाईकमान के सामने मजबूती से करूंगा। टिकट देन न देना राहुल गांधी, खड़गे व सचिन पायलट के हाथ में है।
-
टिकट बंटवारे में राहुल मेरी अच्छे से सुनेंगे: राजा वड़िंग ने कहा कि जब मैं प्रधान था तो मेरी कुछ बंदिशें थी। अब मैं प्रधान नहीं हूं तो अपने साथियों के लिए टिकट की पुरजोर वकालत करूंगा और मुझे विश्वास है कि राहुल गांधी टिकट बंटवारे में मेरी अच्छे से सुनेंगे।
-
पार्टी का हर नेता कार्यक्रम दे रहा है: राजा वड़िंग ने कहा कि पंजाब कांग्रेस लोगों तक पहुंचने के लिए अलग-अलग कार्यक्रम कर रही है। चन्नी साइकिल यात्रा निकाल रहे हैं। एक तरफ पार्टी की पंजाब मांगदा इंसाफ मुहिम चल रही है और अब मैं इंसाफ यात्रा निकाल रहा हूं। यह पार्टी का कार्यक्रम है। इसमें सभी लोग शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह मेरा निजी कार्यक्रम नहीं है बल्कि पार्टी का कार्यक्रम है।
-
फूट दिखाना हमारी स्ट्रेटर्जी है: चरणजीत सिंह चन्नी की साइकिल यात्रा के लुधियाना पहुंचने पर उसमें शामिल न होने के सवाल पर राजा वड़िंग ने कहा कि यह हमारी स्ट्रेटर्जी है। जब हम कार्यक्रमों से दूर रहते हैं तो मीडिया उसे प्रमुखता के साथ जगह देती है और कांग्रेस पार्टी के साथ मेरी भी बात होती है। चन्नी ने अभी दो साइकिल यात्राएं और निकालनी हैं। हो सकता है उस यात्रा में मैं उनके साथ ही चलूं।
-
बैकड्रॉप से आशु की फोटो गायब: राजा वड़िंग ने जो इंसाफ मार्च का पोस्टर जारी किया और इसके लिए लुधियाना बचत भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान जो बैकड्रॉप था उसमें लुधियाना के सभी कांग्रेसी नेताओं के फोटो लगे थे लेकिन उसमें भारत भूषण आशु की फोटो गायब थी। इस पर वड़िंग का कहना है कि जिसने बोर्ड बनाया है हो सकता है उनकी आशु के साथ विचारधारा मेल नहीं खाती होगी। इसमें दुश्मनी की कोई बात नहीं


