कॉकरोच जनता पार्टी के दो प्रमुख नेताओं को अदालत ने 5 दिन के लिए जेल भेजा, रात 3 बजे हुई गिरफ्तारी, पुलिस ने दर्ज किया ये केस, पढ़ें
Punjab News Live -PNL
October 14, 2026
ताजा खबर, देश विदेश, होम
नई दिल्ली, (PNL) : दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं के खिलाफ कार्रवाई हुई है। स्पेशल कोर्ट (SEM) ने आशुतोष रांका और सौरव दास को 5 दिन के लिए जेल भेज दिया है। वहीं, इनके साथ गिरफ्तार किए गए अजिंक्य शिंदे को निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने आशुतोष रांका, सौरव दास और अजिंक्य शिंदे को हिरासत में लिया था। इसके बाद रात करीब 3 बजे तीनों को एहतियातन गिरफ्तार कर लिया गया। बुधवार सुबह तीनों को स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया, जहां आशुतोष और सौरव को न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया गया।
तीन आरोपों के तहत हुई कार्रवाई
CJP की लीगल टीम की प्रमुख रत्ना सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बताया कि तीनों नेताओं पर बिना अनुमति जंतर-मंतर में प्रवेश करने, बॉन्ड की शर्तों का उल्लंघन करने और सरकारी कामकाज में बाधा डालने के आरोप लगाए गए हैं।
आशुतोष रांका और सौरव दास को तिहाड़ जेल भेजे जाने की संभावना जताई गई है। इससे पहले 10 अक्टूबर को भी दोनों को फ्लाइट से हिरासत में लिया गया था।
फिलहाल, इस मामले में कोर्ट की कार्रवाई के बाद आशुतोष रांका और सौरव दास की न्यायिक हिरासत जारी रहेगी, जबकि अजिंक्य शिंदे को निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया है।