जालंधर , (PNL) : जालंधर में बुधवार (4 नवंबर) देर रात बिजली कटते ही गुरुनानक नगर इलाके में फायरिंग की गई। बाइकों पर आए बदमाशों ने करीब 6 राउंड फायर किए। इनमें से 4 गोलियां दाल व्यापारी के घर के बाहर खड़ी महिंद्रा XUV गाड़ी पर पॉइंट कर चलाई गईं। जबकि, 2 फायर हवा में किए गए।गाड़ी के मालिक का कहना है कि फायरिंग से पहले करीब 6 नकाबपोश लोग उसके घर के सामने पहुंचे थे। उन्होंने आवाज लगाकर गाड़ी साइड करने को कहा था। जब उसने ऐसा नहीं किया तो बिजली जाने पर अंधेरे की आड़ लेकर सभी बदमाश लौटे थे, जिनमें से 2 ने फायरिंग की। इस दौरान गाड़ी मालिक अपनी पत्नी के साथ घर में था।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को मौके से गोलियों के 6 खोल बरामद हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। साथ ही हमलावरों की पहचान के लिए इलाके के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
युवक की गाड़ी पर 4 गोलियां चलाई गई।
गाड़ी मालिक ने ये जानकारी दी
मकान शिफ्ट करने के बहाने आए थे हमलावर: गुरुनानक नगर के रहने वाले साहिल खन्ना ने बताया कि बुधवार रात करीब 10 बजे वारदात से ठीक पहले 5 से 6 युवक मोटरसाइकिल पर आए थे। उनमें से दो युवकों ने मुख्य द्वार पर आकर साहिल से बात की। वे मकान शिफ्ट करने की बात कह रहे थे। इसके लिए उन्होंने साहिल को उसकी गाड़ी साइड में करने को कहा।
शक होने पर गाड़ी हटाने से इनकार किया: साहिल का कहना है- युवकों के चेहरे ढंके होने के कारण मुझे उन पर शक हुआ, इसलिए मैंने गाड़ी हटाने से इनकार कर दिया और कहा कि जब आपकी सामान वाली ट्रॉली आएगी, तब गाड़ी हटा दूंगा। इसके बाद वे युवक वहां से वापस चले गए।
लाइट जाते ही शुरू कर दी अंधाधुंध फायरिंग: साहिल ने बताया- युवकों के जाने के महज दो मिनट बाद ही इलाके की बिजली गुल हो गई। बिजली जाते ही बाइक सवार तुरंत लौटे और गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
गाड़ी पर गोलियां चलाईं: पीड़ित के मुताबिक, हमलावरों ने साहिल को निशाना बनाते हुए गाली-गलौज की। इसके बाद उन्होंने गाड़ी पर 4 राउंड और हवा में 2 राउंड फायरिंग की। कुल 6 राउंड फायर करने के तुरंत बाद आरोपी अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके से चले गए।
पुलिस को मौके से गोलियों के 6 खोल बरामद हुए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 1 के SHO अजमेर लाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और जमीन पर पड़े 6 खोल केस को अपने कब्जे में ले लिया। ACP करनैल सिंह के बताया कि युवक साहिल ने स्पष्ट किया है कि उसकी किसी के साथ कोई पुरानी दुश्मनी या रंजिश नहीं है। वह दालों का सप्लायर है।
ACP ने कहा कि फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की और उनकी मोटरसाइकिल के नंबर की पहचान की जा सके। जांच जारी है और बदमाशों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।