पंजाब BJP प्रधान केवल सिंह ढिल्लों लुधियाना नॉर्थ से लड़ सकते हैं चुनाव, पार्टी के सर्वे में सीट को बताया सुरक्षित
Punjab News Live -PNL
November 9, 2026
ताजा खबर, पंजाब, लुधियाना, होम
लुधियाना, (PNL): पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अभी से अपनी सियासी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में पार्टी के प्रदेश प्रधान केवल सिंह ढिल्लों के चुनाव लड़ने को लेकर लुधियाना नॉर्थ विधानसभा सीट का नाम चर्चा में है। पार्टी के इंटरनल सर्वे में इस सीट को ढिल्लों के लिए सबसे अनुकूल माना जा रहा है। हालांकि, अभी तक पार्टी की ओर से उनकी उम्मीदवारी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
लुधियाना नॉर्थ हलके में केवल सिंह ढिल्लों के नाम के होर्डिंग्स लगने के बाद उनके चुनाव लड़ने की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। इसके अलावा राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि उन्होंने सिविल सिटी इलाके में एक कोठी ली है। त्योहारों पर उनके नाम से बधाई संदेश वाले पोस्टर और क्षेत्र में लगातार बढ़ती सक्रियता को भी चुनावी तैयारी के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
पार्टी सूत्रों की मानें तो भाजपा नेतृत्व 2027 के चुनाव में लुधियाना की शहरी सीटों पर अपनी स्थिति मजबूत करना चाहता है। केवल सिंह ढिल्लों के लंबे राजनीतिक अनुभव और 2024 के लोकसभा चुनाव में लुधियाना नॉर्थ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा को मिली बढ़त को देखते हुए पार्टी इस सीट पर उनके नाम पर विचार कर रही है।
ढिल्लों के लुधियाना से चुनाव लड़ने के पीछे BJP की क्या रणनीति?
1. अमित शाह के लुधियाना दौरे से जुड़ रही राजनीतिक चर्चाएं
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का दशहरे के दिन अचानक लुधियाना के दरेसी ग्राउंड पहुंचना भी अब राजनीतिक चर्चाओं का हिस्सा बन गया है। बताया जाता है कि एक दिन पहले तक उनके इस दौरे की कोई सार्वजनिक सूचना नहीं थी। पार्टी से जुड़े सूत्रों के अनुसार, केवल सिंह ढिल्लों के आग्रह पर अमित शाह यहां पहुंचे थे। इस दौरे को लुधियाना में भाजपा की आगामी चुनावी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
2. लुधियाना की सभी शहरी सीटों पर नजर
लुधियाना पंजाब का सबसे बड़ा औद्योगिक और व्यापारिक शहर है। यहां भाजपा के प्रदेश प्रधान को चुनाव मैदान में उतारने से पार्टी को केवल नॉर्थ हलके में ही नहीं, बल्कि शहर की अन्य 6 शहरी विधानसभा सीटों पर भी राजनीतिक फायदा मिलने की उम्मीद है। पार्टी इसे राज्य के दूसरे शहरी क्षेत्रों में भी अपने जनाधार को मजबूत करने के मौके के रूप में देख रही है।
3. उद्योगपतियों और व्यापारियों को साथ लाने की कोशिश
लुधियाना में बड़े औद्योगिक घराने और व्यापारिक संगठन मौजूद हैं। भाजपा की रणनीति इन वर्गों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की हो सकती है। यदि प्रदेश प्रधान यहां से चुनाव लड़ते हैं तो स्थानीय उद्योगपतियों और व्यापारियों को केंद्र सरकार तक अपनी बात पहुंचाने के लिए एक मजबूत राजनीतिक माध्यम मिल सकता है।
4. लगातार हार से परेशान कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने की कोशिश
लुधियाना नॉर्थ सीट पर भाजपा को पिछले लगातार तीन विधानसभा चुनावों में हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में पार्टी के प्रदेश प्रधान को यहां से उम्मीदवार बनाने पर स्थानीय कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ सकता है। भाजपा को उम्मीद है कि बड़े चेहरे की मौजूदगी से चुनावी अभियान को नई दिशा मिलेगी।
5. कांग्रेस और AAP के मुकाबले मजबूत चेहरा उतारने की तैयारी
लुधियाना नॉर्थ में भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच त्रिकोणीय मुकाबले की संभावना है। भाजपा नेतृत्व को लगता है कि केवल सिंह ढिल्लों जैसे बड़े राजनीतिक चेहरे को मैदान में उतारने से पार्टी मुकाबले में अपनी स्थिति मजबूत कर सकती है।
6. टिकट के दावेदारों की गुटबाजी पर लगेगी लगाम
लुधियाना नॉर्थ में भाजपा के कई स्थानीय नेता टिकट के लिए दावेदारी कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि करीब 6 से 7 नेता इस सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। ऐसे में प्रदेश प्रधान को उम्मीदवार बनाने से टिकट को लेकर चल रही खींचतान और गुटबाजी पर रोक लगाने में मदद मिल सकती है।
फिलहाल आधिकारिक ऐलान का इंतजार
लुधियाना नॉर्थ में होर्डिंग्स, राजनीतिक गतिविधियों और सिविल सिटी में कोठी लेने की चर्चाओं ने केवल सिंह ढिल्लों की संभावित उम्मीदवारी को लेकर माहौल गर्म कर दिया है। हालांकि, भाजपा की ओर से अभी कोई अंतिम फैसला सार्वजनिक नहीं किया गया है। ऐसे में देखना होगा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रदेश प्रधान को लुधियाना नॉर्थ से मैदान में उतारती है या किसी अन्य सीट पर दांव खेलती है।

