कपूरथला , (PNL) : कपूरथला में महिला ने तीन बच्चों के साथ कीटनाशक दवा पी ली। उसका पति जब घर पहुंचा, तो तीनों बच्चे जमीन पर बेहोश पड़े हुए थे, जबकि महिला उल्टियां कर रही थी और अर्ध-बेहोशी की हालत में थी।इसके बाद पति ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाई और पत्नी व तीनों बच्चों को लेकर सिविल अस्पताल कपूरथला पहुंचा, जहां इमरजेंसी वार्ड डॉक्टरों ने इलाज के दौरान 6 साल की बेटी को मृतक घोषत कर दिया।जबकि एक बेटी और बेटा व पत्नी की हालत गंभीर होने के कारण अमृतसर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, यहां पर इनकी भी हालत नाजुक बताई जा रही है। फिलहाल इनका इलाज चल रहा है।
महिला को गंभीर हालत में अमृतसर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, परिवार बिहार के कटिहार जिले का रहने वाला है और बीते 15 साल से कपूरथला के गांव मल्लू कादराबाद में रह रहा है। पति लवकुश कुमार ने बताया कि हमारी मां (सास) से पत्नी की कल फोन पर बात हुई, तो भी विवाद हुआ हो, इसका पता नहीं। इसके अलावा कोई विवाद नहीं था।
लवकुश ने कहा कि वह रोजाना की तरह रात करीब 11 बजे खेतों में काम खत्म करने के बाद अपने घर लौटे। घर पहुंचते ही उन्होंने देखा कि उनकी पत्नी संतोष देवी की तबीयत बेहद खराब थी और उन्हें लगातार उल्टियां हो रही थीं। उनके पास ही कीटनाशक की एक बोतल पड़ी हुई थी।
वहीं, घर के अंदर उनके तीनों बच्चे भी बेहोशी की हालत में पड़े थे। परिवार की यह हालत देखकर लवकुश घबरा गए और तुरंत आसपास के लोगों को सूचना देने के साथ 108 एम्बुलेंस को फोन किया। कुछ ही देर में एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और संतोष देवी सहित तीनों बच्चों को इलाज के लिए कपूरथला के सिविल अस्पताल ले जाया गया।
सिविल अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉ. करणप्रीत सिंह और मेडिकल टीम ने सभी का तुरंत इलाज शुरू किया। डॉक्टरों ने चारों की हालत को गंभीर मानते हुए प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन इलाज के दौरान 6 साल की बच्ची खुशी की मौत हो गई।
जबकि संतोष देवी, 8 साल की अमृता और दो वर्षीय बेटे की हालत लगातार गंभीर बनी रही। उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए अमृतसर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, रेफर किए गए तीनों मरीजों की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
लवकुश कुमार बोला- पत्नी संतोष देवी की तबीयत बेहद खराब थी और उन्हें लगातार उल्टियां हो रही थीं।
घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थाना सदर के एसएचओ रंजीत सिंह ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। परिवार के सदस्यों और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि किन परिस्थितियों में कीटनाशक का सेवन हुआ। पुलिस ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।