जालंधर में सेवादार पर हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार:मुख्य आरोपी मानव उर्फ लोहा गिरफ्तार, पुलिस टीम पर हमला कर भागते समय टूटी टांग
Punjab News Live -PNL
September 9, 2026
जालंधर, ताजा खबर, पंजाब
जालंधर , (PNL) : जालंधर के अजीत नगर स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में सेवादार पर हमला कर लूट की कोशिश करने वाले मुख्य आरोपी मानव उर्फ लोहा को पुलिस ने एक कार्रवाई के बाद गिरफ्तार कर लिया है। गुप्त सूचना के आधार पर जब पुलिस टीम आरोपी के घर छापेमारी करने पहुंची, तो उसने एएसआई संजीव बावा पर जानलेवा हमला कर दिया और सरकारी ड्यूटी में बाधा डाली। हमले के दौरान एएसआई के हाथ पर चोट आई, जबकि आरोपी ने मौके से भागने की कोशिश की, जिसमें उसकी टांग टूट गई। मुस्तैद पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ पुलिस पर हमला करने का एक अलग मामला भी दर्ज किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है और उस पर पहले से 4 मामले दर्ज हैं।
घटना की जानकारी देते हुए एसपी मुखतियार राय ने बताया कि 1 सितंबर की देर रात लगभग 1:45 बजे अजीत नगर स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा साहिब में दो बाइक सवार अज्ञात बदमाश जबरन अंदर घुस आए। इन बदमाशों ने गुरु घर में मौजूद सेवादार मेजर सिंह पर लूटपाट की नीयत से हमला कर दिया था। वारदात के बाद गुरुद्वारा साहिब के अध्यक्ष हरजोत सिंह लक्की ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। हरजोत सिंह की शिकायत पर तुरंत संज्ञान लेते हुए एएसआई संजीव बावा ने मामला दर्ज किया। थाना डिवीजन नंबर 4 में दिनांक 7 सितंबर 2026 को यू/एस 109, 304(2), 3(5) बीएनएस (BNS) के तहत एफआईआर नंबर 117 दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की गई।
मामले की जांच के दौरान एसएचओ अजमेर लाल और एएसआई संजीव बावा की पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने अली मोहल्ला, जालंधर के रहने वाले मुख्य आरोपी मानव उर्फ लोहा (पुत्र दीपक कुमार) के घर पर दबिश दी।पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने की नीयत से एएसआई संजीव बावा पर जानलेवा हमला कर दिया और उन्हें मारने के इरादे से हमला कर सरकारी काम में बाधा पहुंचाई। इस हमले में एएसआई संजीव बावा के हाथ में चोटें आईं। हमले के बाद आरोपी ने मौके से छलांग लगाकर भागने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान उसकी टांग टूट गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी मानव उर्फ लोहा को तुरंत गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पार्टी पर हमला करने और सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने के आरोप में दोषी के खिलाफ एक और नया मामला दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ एफआईआर नंबर 118 दिनांक 7 सितंबर 2026 के तहत यू/एस 109, 221, 115(2), 132, 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। एसपी मुखतियार राय ने बताया कि पुलिस जांच में आरोपी का आपराधिक इतिहास सामने आया है। आरोपी मानव उर्फ लोहा के खिलाफ पहले से ही धोखाधड़ी और अन्य अपराधों के कम से कम 4 मामले दर्ज हैं। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और घटना में शामिल अन्य सहयोगियों की तलाश जारी है।