जालंधर में युवक का शव मिला:सिर पर चोट के निशान, पास पड़ी थी खून से सनी चप्पल और सिरिंजें; परिवार को हत्या का शक
Punjab News Live -PNL
September 24, 2026
जालंधर, ताजा खबर, पंजाब
जालंधर , (PNL) : जालंधर में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव गली में मिला और सिर पर चोट के निशान थे। पास में खून से सनी चप्पल पड़ी थी। घटनास्थल के आसपास बड़ी संख्या में इस्तेमाल की गई सिरिंजें भी मिलीं। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस हत्या और ओवरडोज दोनों पहलुओं से जांच कर रही है।मामला हरनूर नगर (बस्ती बावा खेल क्षेत्र) का है। मृतक युवक की पहचान विक्रम (25) के रूप में हुई है। मृतक के भाई राजेश कुमार ने बताया कि वह बुधवार रात करीब 10 बजे खाना खाकर घर से बाहर निकला था। वह अक्सर काम के सिलसिले में रात में बाहर रहता था, इसलिए परिजनों ने रात को ज्यादा खोजबीन नहीं की।गुरुवार सुबह करीब 7 बजे पड़ोस के युवकों ने आकर सूचना दी कि विक्रम गली में पड़ा हुआ है। जब भाई मौके पर पहुंचा तो विक्रम बेसुध पड़ा था और उसके मुंह से खून निकल रहा था। उसे उठाकर घर और फिर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
परिवार से मिलने पहुंचे भाजपा नेता शीतल अंगराल।
सिर पर चोट के निशान परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार जिस जगह विक्रम की चप्पलें और खून पड़ा था, वहां से काफी दूरी पर उसका शव मिला। मृतक के सिर पर पीछे और सामने गंभीर चोटों के निशान थे। परिजनों का कहना है कि उसे बुरी तरह मारा-पीटा गया और घसीटकर दूर फेंका गया है।गली में बिखरीं नशीली सिरिंजें घटनास्थल के पास ही आठवीं कक्षा तक का एक स्कूल है। स्थानीय लोगों के अनुसार स्कूल के बाहर और पूरी गली में दर्जनों नशीले टीके (सिरिंज) बिखरे पड़े थे। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि वे इलाके में फैले नशे की शिकायत कई बार पुलिस से कर चुके हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पुलिस कर रही CCTV कैमरों की जांच सूचना मिलने पर थाना बस्ती बावा खेल के SHO गुरदीप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह साफ हो सके कि यह हत्या का मामला है या नशीले पदार्थ के ओवरडोज का।शीतल अंगराल ने सरकार और पुलिस पर साधा निशाना घटना की सूचना मिलते ही बीजेपी नेता शीतल अंगराल पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने जमीन पर पड़ी सिरिंजें दिखाते हुए पंजाब सरकार के ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान को पूरी तरह विफल बताया। अंगराल ने आरोप लगाया कि जालंधर वेस्ट में नशा माफिया को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है और पुलिस दबाव में काम कर रही है। उन्होंने मांग की कि पुलिस को फ्री-हैंड दिया जाए और पीड़ित परिवार को तुरंत इंसाफ मिले।