अमृतसर में नशा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, 7 गिरफ्तार:हैंड ग्रेनेड और पिस्तौल बरामद, 3.491 किलो हेरोइन मिली; विदेश से जुड़े तार
Punjab News Live -PNL
October 21, 2026
अमृतसर, ताजा खबर, पंजाब
अमृतसर , (PNL) : पंजाब के अमृतसर में ग्रामीण पुलिस ने नशा तस्करी, अवैध हथियारों और विस्फोटकों की तस्करी से जुड़े एक नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक हैंड ग्रेनेड, 2 पिस्तौल और 3 किलो 491 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने इस कार्रवाई की जानकारी अपने एक्स हैंडल पर साझा की है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे तस्करों के संपर्क में थे। ये तस्कर कथित तौर पर अवैध हथियारों की आपूर्ति करते थे, जिन्हें आगे आपराधिक तत्वों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। इस मामले में पुलिस थाना छेहरटा और लोपोके में FIR दर्ज की गई हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इनके तार कहां-कहां जुड़े हुए हैं। जांच में हथियारों और नशे की सप्लाई के स्रोतों के साथ-साथ नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों का भी पता लगाया जा रहा है।
नशा-हथियार तस्करी के नेटवर्क पर कार्रवाई
पंजाब पुलिस का कहना है कि राज्य में नशा तस्करी, अवैध हथियारों और विस्फोटकों की तस्करी तथा संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का लक्ष्य ऐसे नेटवर्क को खत्म कर राज्य में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।