Monday , May 25 2026
Breaking News

जालंधर में ऑटो से मिला लापता युवक का शव:परिजनों को हत्या का शक, एक छोटा बेटा भी; मालिक बोला- शराब पीने का आदी था

जालंधर , (PNL) : जालंधर के बस्ती शेख इलाके में स्थित नाखा वाले बाग के पास एक ऑटो से युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान न्यू दशमेश नगर निवासी के रूप में हुई है, जो पिछले 24 घंटे से लापता था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए इंसाफ की गुहार लगाई है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान 25 वर्षीय युवक के रूप में हुई है। जैसे ही मौत की खबर घर पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई। ऑटो मालिक ने बताया कि मृतक शराब के सेवन का आदी था। उसने काम के दौरान दो-तीन बार शराब के लिए पैसे भी मांगे थे।

बेटा काम के लिए घर से निकला था

मृतक की मां ने बताया कि उनका बेटा काम के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। वह घर का इकलौता चिराग था और शादीशुदा था। उसका एक छोटा बेटा भी है, जिसके सिर से अब पिता का साया उठ गया है। मां ने बताया कि वह अपने पति की दवाई लेने गई थी, तभी उन्हें सूचना मिली कि नाखा वाले बाग के पास ऑटो में उनके बेटे का शव पड़ा है।

मृतक की बहन के अनुसार, उसके भाई ने अपने जीजा (बहन के पति) से ऑटो किराए पर लिया था। मंगलवार को जब शाम तक ऑटो और भाई घर नहीं पहुंचे, तो परिवार ने काफी तलाश की। पुलिस को भी इस मामले की सूचना दी गई थी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह अचानक संदिग्ध हालत में शव बरामद हुआ।

युवक का शव अंदर ही पड़ा था

वहीं, ऑटो मालिक सूरज ने बताया कि मृतक पिछले एक हफ्ते से उसका ऑटो चला रहा था। नियम के मुताबिक वह शाम को ऑटो वापस कर देता था, लेकिन मंगलवार रात 10 बजे तक भी जब वह नहीं लौटा, तो खुद तलाश शुरू की। आज सुबह एक मैकेनिक उस रास्ते से गुजर रहा था, जिसने लावारिस खड़े ऑटो की सूचना दी। जब मौके पर जाकर देखा गया तो युवक का शव अंदर ही पड़ा था।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना की कड़ियां जोड़ी जा सकें।

About Punjab News Live -PNL

Check Also

चंडीगढ़ में शराब का ‘लंगर’ लगाने वाला गिरफ्तार: बर्फ की चुस्की में मिलाकर पिलाई शराब, पढ़ें

चंडीगढ़, (PNL) :  चंडीगढ़ के पॉश सेक्टर-9 मार्केट में सरेआम शराब का ‘लंगर’ लगाने के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!