अमृतसर , (PNL) : अमृतसर के वेरपाल थाना क्षेत्र के पंडोरी गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक बुजुर्ग महिला की ईंटें मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना बीते कल हुई। वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई है। मृतका की पहचान वीर कौर के रूप में हुई है।मृतका के बेटे सुखदेव सिंह ने बताया कि उनके परिवार के सदस्य पुराने विवाद से जुड़े एक मामले में कोर्ट गए थे। उनकी बुजुर्ग मां वीर कौर की भी गवाही होनी थी। इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई, जो जल्द ही बड़े झगड़े के रूप में बदल गई। आरोप है कि दूसरे पक्ष ने ईंट-पत्थर चलाने शुरू कर दिए।
सुखदेव सिंह के अनुसार, परिवार के अन्य सदस्यों ने घर से बाहर भागकर अपनी जान बचाई। उनकी बुजुर्ग मां वीर कौर घर के अंदर ही थीं। विवाद शांत होने के बाद जब परिवार के लोग घर लौटे, तो वीर कौर घायल हालत में मिलीं। मौके पर डॉक्टर को बुलाया गया, जिन्होंने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले में आरोपी परिवार की एक महिला को हिरासत में लिया गया है। वहीं, अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।