खन्ना में कपड़ों के शोरूम में आग, दो मंजिलें जलीं:लाखों का कपड़ा जला, फायर सेफ्टी इंतजाम नहीं; संकरी गली में फंसी फायर ब्रिगेड
Punjab News Live -PNL
October 1, 2026
ताजा खबर, पंजाब, लुधियाना
लुधियाना , (PNL) : खन्ना के मुख्य बाजार में धोबियों वाली गली स्थित देव कलेक्शन कपड़ों के शोरूम में गुरुवार सुबह अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने शोरूम की दो मंजिलों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बड़ी मात्रा में कपड़े और अन्य सामान जलकर राख हो गया। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते कार्रवाई होने के कारण आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया।
हालांकि, बाजार की संकरी गलियों के कारण दमकल वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। फायर अफसर दिलशाद खान ने बताया कि शोरूम में आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। निरीक्षण के दौरान वहां फायर एनओसी नहीं मिली। इसके अलावा शोरूम में एक भी अग्निशमन यंत्र मौजूद नहीं था।घटना के बाद बाजार के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता है। उनका कहना है कि संकरे बाजार में किसी बड़े प्रतिष्ठान में आग लगने की स्थिति में दमकल वाहनों को मौके तक पहुंचने में दिक्कत हो सकती है। ऐसे में आग आसपास की दुकानों और लोगों के लिए बड़ा खतरा बन सकती है। स्थानीय लोगों ने बाजार में फायर सेफ्टी इंतजामों की जांच की मांग की है।