AAP विधायकों की पेशी अब 16 अक्टूबर को होगी:पंजाब बंद के समर्थन में अकाल तख्त का फैसला; जांच समिति की मीटिंग भी स्थगित
Punjab News Live -PNL
October 14, 2026
अमृतसर, ताजा खबर, पंजाब
अमृतसर , (PNL) : श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायकों और नेताओं की पेशी की तारीख बदल दी है। अब उन्हें 15 के बजाय 16 अक्टूबर को सुबह 11 बजे सचिवालय में व्यक्तिगत रूप से पेश होकर अपना स्पष्टीकरण देना होगा। इस संबंध में नए पत्र जारी किए गए हैं। तारीख में बदलाव मानसा के नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह की हत्या के विरोध में 15 अक्टूबर को बुलाए गए पंजाब बंद के मद्देनजर किया गया है। उनके परिवार ने बंद का आह्वान किया है।यह मामला लुधियाना के पायल से विधायक मनविंदर सिंह ग्यासपुरा से संबंधित है। जत्थेदार ने इस प्रकरण में AAP से जुड़े कुछ विधायकों और नेताओं को अपना पक्ष रखने के लिए तलब किया था।
जांच समिति की बैठक भी स्थगित
श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय के प्रभारी बगीचा सिंह ने बताया कि 15 अक्टूबर को सचिवालय में जांच समिति की बैठक भी निर्धारित थी। इस बैठक में विभिन्न मामलों से संबंधित पक्षों को बुलाया गया था। लेकिन पंजाब बंद के आह्वान का समर्थन करते हुए जत्थेदार गड़गज के आदेश पर बैठक को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।
विधायक ग्यासपुरा को सचिवालय में प्रवेश से रोकने पर विवाद
घटना 12 अक्टूबर 2026 की है। आम आदमी पार्टी के पायल से विधायक मनविंदर सिंह ग्यासपुरा, दिल्ली के गुरुद्वारा बंगला साहिब में पुलिसकर्मियों के जूते पहनकर और सिर ढके बिना प्रवेश करने की घटना को लेकर श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार को मांगपत्र सौंपने पहुंचे थे।
मांगपत्र में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को तलब करने और मामले में कार्रवाई की मांग की गई थी। ग्यासपुरा का आरोप है कि विधायक ने कहा कि उन्हें अनुसूचित जाति से संबंधित होने के कारण श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय में प्रवेश नहीं करने दिया गया।
अकाल तख्त सचिवालय का पक्ष
सचिवालय की ओर से कहा गया कि उन्हें जाति के आधार पर नहीं रोका गया था। प्रवेश रोकने की वजह जत्थेदार और सिख संस्था के प्रति उनकी पहले की कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां बताई गईं।