Sidhu Moosewala के पूर्व मैनेजर का पिता गिरफ्तार:लुधियाना के आढ़ती से ₹1 करोड़ की फिरौती मांगी; मां की चंडीगढ़ DGP को कंप्लेंट
Punjab News Live -PNL
March 31, 2026
ताजा खबर, पंजाब, लुधियाना, होम
लुधियाना, ( PNL) : लुधियाना के खन्ना में एक करोड़ रुपए की फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के कथित पूर्व मैनेजर शगनप्रीत सिंह के पिता सौदागर सिंह सराओ को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में पिता-पुत्र दोनों की संलिप्तता सामने आई है। यह मामला पायल क्षेत्र का है, जहां हाल ही में एक आढ़ती से एक करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई थी। फिरौती मांगने वाले ने खुद को गैंगस्टर डोनी बल बताकर पीड़ित को धमकाया था। शिकायत मिलने के बाद खन्ना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।जांच के दौरान पुलिस को तकनीकी साक्ष्य और अन्य सबूत मिले, जिनके आधार पर यह सामने आया कि फिरौती की मांग ऑस्ट्रेलिया में बैठे शगनप्रीत सिंह और पंजाब में रह रहे उसके पिता सौदागर सिंह ने मिलकर की थी। इसके बाद पुलिस ने सौदागर सिंह को पायल से गिरफ्तार कर लिया।
उधर, शगनप्रीत सिंह की मां दलजीत कौर ने चंडीगढ़ डीजीपी को शिकायत दी। उन्होंने आरोप लगाया कि चंडीगढ़ और पंजाब पुलिस ने उनके पति सौदागर सिंह को घर से उठाया, अवैध रूप से हिरासत में रखा, मारपीट की और 10 लाख रुपए की मांग की।दलजीत कौर का कहना है कि उनके पति इस समय अवैध हिरासत में हैं और उनकी जान को खतरा है। उन्होंने डीजीपी से मांग की है कि उनके पति को सुरक्षित बरामद किया जाए और संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए।
डीएसपी मोहित सिंगल जानकारी देते हुए।
3 पॉइंट में जानिए फिरौती का केस…
-
विदेशी नंबर से कई बार कॉल किया: पायल थाना में 25 मार्च को आढ़ती ने केस दर्ज करवाया था। जो गैंगस्टर डोनी बल के खिलाफ दर्ज हुआ। आढ़ती ने बताया कि उनके मोबाइल पर एक नंबर +447441469808 से कॉल आई। एक-दो बार कॉल आने के बाद भी उन्होंने फोन अटेंड नहीं किया।
-
कॉल न उठाने पर वॉइस मैसेज भेजा: आढ़ती ने कहा कि उसी नंबर से एक वॉइस मैसेज आया, जिसमें कहा गया- शाह जी मेरी बात सुन लो, मैं डोनी बल बोल रहा हूं। मेरी कॉल की रिकॉर्डिंग एसएसपी खन्ना या सीपी साहब को सुना देना। मुझे एक करोड़ रुपए चाहिए। अगर आपने फोन काटा तो मुझे आपकी पायल अनाज मंडी वाली आढ़त की दुकान का पूरा पता है।
-
आरोपी बोला- अपने बच्चों को संभाल कर रखना: आढ़ती के अनुसार, आरोपी ने कहा कि मैं कोई फेक कॉल नहीं कर रहा, जो रिकॉर्डिंग सुनानी है, सुना देना। अगर मेरा वीर आगे बढ़ा तो ऊपर-नीचे हो जाएगा, अगर तुमने भागने की कोशिश की तो मेरा बंदा कार्रवाई करेगा। यह वॉइस मैसेज करीब 29 सेकंड का है। इसके बाद फिर एक और मैसेज आया, जिसमें धमकी देते हुए कहा गया- अपने बच्चों को संभाल कर रखना।