दोस्तों के साथ पार्टी मनाने निकला था युवक, रास्ते में बदमाशों ने बरसाईं गोलियां, बर्थडे वाले दिन मौत, पढ़ें
Punjab News Live -PNL
August 20, 2026
अमृतसर, ताजा खबर, पंजाब, होम
न्यूज डेस्क, (PNL) : इस समय की बड़ी खबर पंजाब से आ रही है। जन्मदिन के दिन एक युवक पर फायरिंग का मामला सामने आया है। युवक घर पर केक काटने के बाद दोस्तों के साथ पार्टी के लिए होटल जा रहा था। इसी दौरान पीछे से एक्टिवा पर आए हमलावरों ने उस पर गोलियां चला दीं। फायरिंग में एक गोली युवक की जांघ में लगी, जिससे वह सड़क पर गिर गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला पंजाब के अमृतसर का है।
घायल युवक की पहचान अमित के रूप में हुई है। परिवार का आरोप है कि अमित ने अपने मुंहबोले भाई प्रभ के साथ हुई मारपीट का विरोध किया था। इसी रंजिश में उस पर हमला किया गया।
पहले हुई थी प्रभ के साथ मारपीट
परिजनों के मुताबिक, बुधवार रात गली में प्रभ के साथ गोशा और उसके कुछ साथियों ने मारपीट की थी। अमित मौके पर पहुंचा और प्रभ को आरोपियों से छुड़ाया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी भी हुई। बाद में लोगों ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करवा दिया।
कुछ देर बाद अमित के दोस्त उसका जन्मदिन मनाने के लिए केक लेकर घर पहुंचे। केक काटने के बाद अमित अपने दोस्तों के साथ खाना खाने और पार्टी के लिए बाहर निकला।
पीछे से आए बदमाशों ने की फायरिंग
अमित के चचेरे भाई सागर के अनुसार, वह एक्टिवा चला रहा था और अमित पीछे बैठा था। रास्ते में पीछे से आए युवकों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली अमित की जांघ में लगी और वह एक्टिवा से नीचे गिर गया। इसके बाद उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
अमित की मां ने बताया कि बेटे की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुरानी रंजिश का सामने आया एंगल
परिवार के अनुसार, अमित और गोशा के बीच करीब छह महीने से विवाद चल रहा था। आरोप है कि गोशा को शक था कि अमित की उसके विरोधियों से दोस्ती है। इसी रंजिश के चलते पहले भी अमित के घर पर बोतलें फेंककर हमला किया गया था।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि मुख्य आरोपी गोशा हाल ही में जेल से बाहर आया है। परिवार के मुताबिक, वह पहले अमृतसर में जागरण के पैसों की लूट के बाद हुई हत्या के मामले में आरोपी रह चुका है।
पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोल बरामद किया है। ACP सुरिंदर सिंह के मुताबिक, परिजनों ने नितीश और राजिंदर उर्फ गोशा के नाम बताए हैं।
प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।