पटियाला , (PNL) : पटियाला में मंगलवार को नीले रंग के ड्रम में एक युवती की लाश मिली। यह ड्रम रेलवे कॉलोनी में पड़ा हुआ था। हत्यारों ने शव को ड्रम के अंदर ठूंसा और ऊपर लाल रंग का ढक्कन लगा दिया, ताकि किसी को शक न हो। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। युवती के एक हाथ पर “नेहा” लिखा हुआ है, जबकि दूसरे हाथ पर दिल का टैटू बना है। इस टैटू के अंदर अंग्रेजी के अक्षर ‘N’ और ‘A’ गुदे हुए हैं। युवती के चेहरे पर खरोंच के निशान भी हैं। शव को कब्जे में लेकर राजिंदरा अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस युवती की पहचान कराने की कोशिश कर रही है।
पुलिस को शक है कि प्रेम संबंधों के चलते युवती का कत्ल कर ड्रम में पैक कर फेंका गया है। कत्ल भी दूसरी जगह किया गया और लाश को ड्रम में पैक करने के बाद कार में डालकर यहां फेंका गया है।
युवती के चेहरे पर चोट के निशान हैं। फिलहाल उसका शव राजिंदरा अस्पताल में रखवाया गया है।
जांच अधिकारी ने मामले में ये जानकारी दी…
कचरा उठाने वाले ने डेडबॉडी देखी: पटियाला पुलिस के जांच अधिकारी गुरविंदर सिंह ने बताया है कि मंगलवार सुबह करीब सवा 5 बजे थाना अर्बन एस्टेट, पटियाला को टेलीफोन से एक सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना में बताया गया था कि डीसीडब्ल्यू पुल के पास कूड़े के ढेर पर एक ड्रम पड़ा है, जिसमें किसी इंसान की लाश दिखाई दे रही है। ASI गुरविंदर सिंह ने बताया कि कचरा उठाने वाले व्यक्ति ने ड्रम को खोलकर चेक किया तो उसमें डेडबॉडी मिली। उसी ने पुलिस को इसकी सूचना दी।
पहचान नहीं हो पाई, उम्र 15 से 20 साल: सूचना के मिलते ही ASI अमनदीप सिंह, खुद SHO और पुलिस की पूरी टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वहां पहुंचने पर जब जांच की गई तो ड्रम के अंदर से एक लड़की की लाश है। फिलहाल, मृतका की पहचान नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि देखने में मृतका कोई प्रवासी लग रही है, जिसकी उम्र लगभग 15 से 20 साल के बीच प्रतीत होती है। लड़की के बाएं हाथ पर अंग्रेजी में नेहा नाम का टैटू बना हुआ है। दाएं हाथ पर NA लिखा है और साथ में एक दिल का टैटू छपा हुआ है।
चेहरे पर खरोंच के निशान: पुलिस अधिकारी ने स्पष्ट किया कि मौत का असली कारण तो पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा। उन्होंने बताया कि जिस प्लास्टिक के ड्रम में यह लाश मिली है, वह नीले रंग का है और उसका ढक्कन लाल रंग का है। मृतका के चेहरे पर एक-दो खरोंच के निशान हैं। इसके अलावा उसके हाथ पर भी खून का निशान मिला है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीमों को मौके पर बुलाया, जिन्होंने वैज्ञानिक तरीके से सबूतों की बारीकी से जांच की है।
शव को 72 घंटे के लिए मॉर्च्युरी में रखवाया: शव को पहचान के लिए राजिंदरा अस्पताल, पटियाला की मॉर्च्युरी में 72 घंटों के लिए रखवा दिया गया है। पुलिस ने वायरलेस के जरिए पूरे पंजाब में सूचना जारी कर दी है, ताकि अगर राज्य में कहीं भी कोई गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज हो, तो उससे मिलान कर शिनाख्त की जा सके। अगले 72 घंटों में अगर कोई पहचान होती है, तो उसके आधार पर अगली कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
ड्रम आधी रात को फेंकने का अनुमान: उन्होंने बताया कि जहां शव मिला है वह डीसीडब्ल्यू के पास एक सुनसान इलाका है, इसलिए पुलिस का अनुमान है कि ड्रम को आधी रात या उसके बाद वहां फेंका गया है। अधिकारी ने बताया कि उस जगह के दोनों तरफ तो कैमरे लगे हैं, लेकिन बीच में कोई कैमरा नहीं है।
पुलिस CCTV खंगाल रही: पुलिस अलग-अलग टीमों का गठन कर आसपास के इलाके के सभी CCTV को खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह लाश यहां तक कैसे पहुंची? अधिकारी ने भरोसा दिलाया है कि CIA और अर्बन एस्टेट थाना पुलिस की टीमें मुस्तैदी से काम कर रही हैं और जल्द ही इस मामले को ट्रेस कर लिया जाएगा।
लड़की का शव ड्रम खोलते ही बाहर निकल पड़ा।
कहीं और हत्या किए जाने का शक पुलिस को आशंका है कि युवती की हत्या किसी दूसरी जगह पर की गई और बाद में सबूत मिटाने के इरादे से शव को ठिकाने लगाने की साजिश रची गई। अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। फिलहाल, पुलिस की पहली प्राथमिकता युवती की शिनाख्त करना है।