अमृतसर में पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ ASI पर फायरिंग का आरोपी, सीनियर कांस्टेबल सस्पेंड
Punjab News Live -PNL
September 24, 2026
अमृतसर, ताजा खबर, पंजाब, होम
अमृतसर, (PNL): अमृतसर में ASI जसवंत सिंह पर गोली चलाने के मामले में गिरफ्तार आरोपी करण पुलिस हिरासत से फरार हो गया। आरोपी को पुलिस हथियार बरामद करने के लिए मजीठा इलाके में लेकर गई थी। इसी दौरान वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में सीनियर कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलने के बाद एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चहल ने यह कार्रवाई की। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने फिलहाल आरोपी के फरार होने की घटना पर आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है।
11 सितंबर को ASI पर हुआ था हमला
जानकारी के अनुसार, 11 सितंबर की रात राजासांसी इलाके में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस लाइन में तैनात ASI जसवंत सिंह बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने उनका पीछा किया और उन पर फायरिंग कर दी।
गोली ASI की पगड़ी को भेदते हुए सिर को छूकर निकल गई। इस हमले में उन्हें मामूली चोटें आई थीं।
CCTV से खुला हमले का राज
घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान गांव झंझोटी निवासी करण का नाम सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। अदालत में पेश करने के बाद आरोपी को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था।
पुलिस आरोपी से पूछताछ के आधार पर उसके अन्य साथियों और वारदात में इस्तेमाल हथियार तक पहुंचने की कोशिश कर रही थी। इसी सिलसिले में बुधवार रात उसे हथियार की बरामदगी के लिए मजीठा ले जाया गया था, जहां से वह फरार हो गया।
पुरानी रंजिश का सामने आया था एंगल
पुलिस की शुरुआती जांच में ASI पर हमले को पुरानी रंजिश से जोड़कर देखा गया था। वहीं, बाद में तहरीक-ए-तालिबान हिंदोस्तान (TTH) के नाम से भी घटना को लेकर एक पोस्टर जारी किया गया था। पुलिस ने इस पहलू को भी जांच के दायरे में रखा था।
अब आरोपी के पुलिस हिरासत से फरार होने के बाद उसकी तलाश के लिए टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हथियार बरामदगी के दौरान सुरक्षा में किस स्तर पर चूक हुई।