जालंधर में नशा तस्करों के खिलाफ एक्शन:20 आरोपी गिरफ्तार, 139 नशीली गोलियां बरामद; 4 अस्पताल में भर्ती
Punjab News Live -PNL
September 24, 2026
जालंधर, ताजा खबर, पंजाब
जालंधर , (PNL) : जालंधर ग्रामीण पुलिस ने सब-डिवीजन करतारपुर में नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की है। एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क के निर्देशों पर की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 5 अलग-अलग FIR दर्ज करते हुए 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 139 नशीली गोलियां और नशा करने में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया है।करतारपुर सब-डिवीजन से अब तक 4 नशा पीड़ितों को इलाज के लिए भर्ती कराया जा चुका है, जिनमें 2 मरीज थाना लांबड़ा और 2 मरीज थाना मकसूदां क्षेत्र से संबंधित हैं।
एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि नशों की बिक्री, सप्लाई और सेवन में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। 23 सितंबर को चलाए गए इस विशेष अभियान में करतारपुर, मकसूदां और लांबड़ा थानों की पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल 20 आरोपियों को दबोचा। कार्रवाई के दौरान सबसे बड़ी सफलता थाना करतारपुर पुलिस को मिली। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 22-61-85 के तहत दो मामले दर्ज किए। पहले मामले (FIR No. 196) में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 81 नशीली गोलियां बरामद की गईं। वहीं, दूसरे मामले (FIR No. 198) में 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर 58 नशीली गोलियां जब्त की गईं। थाना करतारपुर में कुल 9 आरोपियों से 139 नशीली गोलियां बरामद हुई हैं।
इसके अलावा थाना मकसूदां पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 27-61-85 के तहत दो अलग-अलग एफआईआर (No. 165 और 164) दर्ज कीं। इनमें कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से नशा सेवन में इस्तेमाल होने वाले सामान जैसे लाइटर, सिल्वर फॉयल, ₹10 के नोट और नशीले पदार्थ से लिपटा पैकेट बरामद किया गया।उधर, थाना लांबड़ा पुलिस ने FIR नंबर 111 दर्ज कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके पास से सिल्वर फॉयल, लाइटर और नकदी बरामद की। इसके साथ ही लांबड़ा पुलिस ने धारा 85 बीएनएस के तहत दर्ज एक पुराने मामले में भी 1 आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की।