लुधियाना, (PNL): लुधियाना के मुल्लांपुर दाखा इलाके में 3 महीने की गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान 25 वर्षीय हरप्रीत कौर के रूप में हुई है। मायके वालों ने उसके कबड्डी खिलाड़ी पति जसप्रीत सिंह पर मारपीट कर गला घोंटकर हत्या करने और वारदात को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
परिजनों के मुताबिक, घरेलू विवाद के चलते हरप्रीत कुछ समय से अपने मायके गांव घूंघराणा, अहमदगढ़ मंडी में रह रही थी। रविवार को उसका पति जसप्रीत उसे समझाकर वापस अपने गांव बुर्ज लिट्टां ले गया था। मायके वालों का आरोप है कि सोमवार रात पति नशे की हालत में घर पहुंचा और हरप्रीत के साथ मारपीट की।
आरोपी पति
परिजनों का आरोप है कि रात करीब 12 बजे हरप्रीत को पीटा गया और बाद में उसका गला घोंट दिया गया। रात करीब 2 बजे मायके वालों को फोन कर बताया गया कि हरप्रीत की तबीयत गंभीर है और उसने आत्महत्या की कोशिश की है।
मायके वाले जब मौके पर पहुंचे तो हरप्रीत मंजे पर मृत पड़ी थी। परिजनों के मुताबिक, उसके गले और पीठ पर चोट के निशान थे, जबकि पैर का अंगूठा भी टूटा हुआ मिला। परिवार ने आरोप लगाया कि हरप्रीत की हत्या करने के बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।
मृतक विवाहिता
मायके वालों ने यह भी बताया कि हरप्रीत तीन महीने की गर्भवती थी और घटना से एक दिन पहले ही अस्पताल से स्कैनिंग करवाकर आई थी। परिवार ने पति पर दहेज और पैसों को लेकर पहले भी परेशान करने तथा धमकियां देने के आरोप लगाए हैं।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने मृतका के पति जसप्रीत सिंह और उसके दादा जोगिंदर सिंह को हिरासत में लिया है। थाना सुधार पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए लुधियाना सिविल अस्पताल भेज दिया है।
थाना सुधार प्रभारी कुलविंदर सिंह के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट होगी। पुलिस हिरासत में लिए गए दोनों व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है।