व्यापार समझौते के साथ-साथ कांग्रेस ने एआई समिट पर भी सवाल उठाए। परगट सिंह ने कहा कि चीन में बने रोबोट्स को यहां लाकर यह दावा किया जा रहा है कि इन्हें भारतीय यूनिवर्सिटीज में तैयार किया गया है। उन्होंने सरकार की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए कहा कि हमें अपनी ही डील्स के बारे में अमेरिका के जरिए पता चलता है। इस विवाद के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी 24 फरवरी को भोपाल में एक बड़ा कार्यक्रम करने जा रहे हैं। “किसान चौपाल” नामक इस आयोजन में मध्य प्रदेश भर से हजारों किसानों के जुटने की उम्मीद है। पार्टी का कहना है कि इस मंच से केंद्र की ‘जन-विरोधी’ नीतियों और ट्रेड डील के दुष्प्रभावों पर खुलकर चर्चा की जाएगी।