जालंधर : डॉ. मीनाक्षी सूद की मौत का खुला राज! जहरीला पदार्थ नहीं, सांप के जहर से गई थी जान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा
Punjab News Live -PNL
September 11, 2026
जालंधर, ताजा खबर, पंजाब, होम
जालंधर, (PNL): नेशनल आई केयर हॉस्पिटल के डॉक्टर पीयूष सूद की पत्नी डॉ. मीनाक्षी सूद की मौत के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में उनकी मौत की वजह सांप का डंसना बताई गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, डॉक्टर मीनाक्षी के शरीर में सांप का जहर पाया गया है।
पोस्टमॉर्टम के दौरान डॉक्टरों की टीम को उनके पैर पर सांप के डंसने के निशान भी मिले हैं। इससे शुरुआती तौर पर उन चर्चाओं पर विराम लगता नजर आ रहा है कि उनकी मौत किसी जहरीले पदार्थ के सेवन या दिए जाने से हुई थी।
इस खुलासे के बाद मामले की जांच की दिशा भी बदल गई है। खास तौर पर डॉक्टर मीनाक्षी सूद के पति डॉ. पीयूष सूद के खिलाफ लगाए गए आरोपों को लेकर अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
गौरतलब है कि मीनाक्षी सूद के परिवार की ओर से डॉ. पीयूष सूद के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज करवाया गया था। अब पोस्टमॉर्टम में मौत का कारण सांप का डसना सामने आने के बाद इस केस में कानूनी स्थिति पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। एसीपी मॉडल टाउन मनमोहन सिंह ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सांप के जहर की पुष्टि की है।