पंजाब में बड़ी घटना, कुत्तों के झुंड ने 6 साल के बच्चे को नोच-नोचकर मार डाला, शरीर के हर अंग पर बड़े जख्म, पढ़ें
Punjab News Live -PNL
February 27, 2026
जालंधर, ताजा खबर, पंजाब, होम
जालंधर, (PNL) : इस समय की बड़ी खबर पंजाब से आ रही है। जालंधर से सटे सुल्तानपुर लोधी में आवारा कुत्तों के झुंड ने 6 साल के बच्चे को नोच-नोचकर मार डाला। वह अपनी मां के साथ खेत पर पिता को खाना देने गया था। जहां बच्चा शौच के लिए खेत में चला गया। इसी दौरान आवारा कुत्तों के झुंड ने उसे घेर लिया और उस पर हमला कर दिया। इस दौरान कुत्तों ने उसके सिर पर सबसे ज्यादा नोचा, इसके अलावा शरीर के अन्य हिस्सों पर भी काट लिया। बेटे के चिल्लाने की आवाज सुनकर माता-पिता भागे और बेटे को कुत्तों के चंगुल से छुड़वाया।
इसके बाद वे तुरंत ही बच्चे को गंभीर हालत में इलाज के लिए सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान 6 वर्षीय इतवारी के नाम से हुई, जो सुल्तानपुर लोधी, गिला गाखला में माता-पिता के साथ रहता था। जबकि परिवार मूलरूप से यूपी के बहराइच जिले का रहने वाला है। वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान था।
मृतक बच्चे के पिता मुनेजर ने बताया कि वह खेतों में आलू की बुआई कर रहे थे। दोपहर में पत्नी के साथ बेटा खाना देने के लिए आया था। जिसके बाद बेटे ने शौच जाने के लिए कहा और और वह खेत में चला गया, वहां पर बेटे पर 5 से 6 कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया।
इस दौरान कुत्तों ने उसके शरीर के हर अंग पर काटा, बेटे के चिल्लाने की आवाज सुनकर भागे और बेटे को कुत्तों के चंगुल से बचाया। बच्चा खून से लथपथ था और बेहोश हो गया था। गंभीर हालत में बेटे को तुरंत इलाज के लिए जालंधर सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृतक घोषित कर दिया।